मुस्लिम एक्टर ने 'रामायण' में निभाए 11 रोल, फिर काम मिलना हुआ बंद तो छोड़ी एक्टिंग, अब कहां हैं?
Aslam Khan: रामानंद सागर की रामायण आज भी भारतीय टीवी इतिहास का सबसे आईकॉनिक शो माना जाता है। 1987 में जब इस सीरियल को टेलीकास्ट किया जाता था तो सड़कों पर सन्नाटा हो जाता था। सब लोग अपना सारा काम छोड़कर शो देखने बैठ जाया करते थे।

इस शो ने अरुण गोविल से लेकर दीपिका चिखलिया और सुनील लहरी जैसे कलाकारों को घर-घर में एक खास पहचान दिलवाई। लेकिन बहुत कम लोग जानते हैं कि इस शो में एक ऐसा मुस्लिम एक्टर भी था जिसने अकेले ही 11 अलग-अलग किरदार निभाए। उसके बावजूद भी इंडस्ट्री में ना तो उन्हें वह पहचान हासिल हुई और ना ही काम मिला जिसके वह हकदार थे।
दरअसल हम बात कर रहे हैं असलम खान की और एक इंटरव्यू के दौरान खुद उन्होंने इस पर बात करते हुए बताया था कि उन्होंने कभी भी एक्टर बनने का सपना नहीं देखा था। वह एक प्राइवेट नौकरी ढूंढ रहे थे और तभी उनके एक दोस्त ने उन्हें एक्टिंग की दुनिया में आने का सुझाव दिया। असलम खान ने अपने करियर की शुरुआत 'विक्रम और बेताल' शो से की और इसमें अरुण गोविल लीड किरदार में थे।
असलम खान ने एक ही शो में किए 11 रोल
असलम खान ने खुलासा किया कि समुद्र देव का किरदार पहले तो किसी और एक्टर को मिला था। लेकिन शूटिंग से ठीक पहले उस कलाकार ने काम करने से इनकार कर दिया तो इसीलिए बैकअप के तौर पर असलम खान को बुलाया गया। इसके बाद असलम खान ने इस किरदार को निभाया और उनकी एक्टिंग इतनी ज्यादा पसंद की गई कि उन्हें एक नहीं बल्कि कई और रोल निभाने का मौका मिला।
असलम खान ने समुद्र देव के साथ-साथ संत एकनाथ, संत तुकाराम, निषाद राज के सेनापति, सुग्रीव के शोज के अलावा कुल 11 अलग-अलग किरदार निभाए। इसके बाद में रामानंद सागर के 'श्री कृष्ण' शो में भी उन्होंने काम किया। जहां एक तरफ उन्होंने राक्षसी का किरदार निभाया तो वहीं दूसरी तरफ 'अलिफ लैला' में भी उन्होंने कई अलग-अलग किरदार निभाए थे।
क्यों मिला एक ही शो में कई बार काम?
रामानंद सागर के बेटे प्रेम सागर ने एक इंटरव्यू के दौरान खुलासा किया था कि तब शो का बजट बहुत ही ज्यादा लिमिटेड था। आर्थिक समस्याओं के चलते कई सारे जूनियर कलाकारों को अलग-अलग मेकअप और गेटअप देकर बार-बार रोल दिया जाता था। इसी के चलते असलम खान को भी कई रोल निभाने पड़े।
एक्टिंग करियर नहीं बढ़ पाया आगे
इतने सारे हिट शोज में काम करने के बावजूद भी असलम खान का कैरियर ज्यादा आगे तक नहीं जा पाया। कई सारे बेहतरीन शोज में काम करने के बाद धीरे-धीरे उन्हें काम मिलना बंद हो गया था। एक इंटरव्यू के दौरान उन्होंने खुलासा किया था कि इंडस्ट्री में उन्हें लगातार काम नहीं मिल पा रहा था और फिर 2002 में उन्होंने एक्टिंग छोड़ दी।
अब कहां और क्या कर रहे हैं असलम खान?
खबरों की माने तो एक्टिंग छोड़ने के बाद असलम खान ने अपना बिज़नेस शुरू कर लिया था। अभी के वक़्त में वो यूपी के झाँसी में एक मार्केटिंग फर्म के साथ जुड़े हुए हैं। जहां काम करके अपना परिवार चला रहे हैं। उनका एक बेटी और एक बेटा है। जो अब काफ़ी बड़े हो गए हैं।


Click it and Unblock the Notifications