'रामायण' के सेट पर पेड़ से लटकता सांप देख भाग खड़े हुए थे राम-सीता-लक्ष्मण, पढ़ें दिलचस्प किस्सा
दूरदर्शन पर रामायण के री- टेलीकास्ट ने एक बार फिर शो के कलाकारों के साथ दर्शकों की दोस्ती करा दी है। कलाकार भी शो से जुड़ी हर छोटी बड़ी दिलचस्प बातें फैंस के साथ शेयर कर रहे हैं। जिससे फैंस का उत्साह और बढ़ रहा है। हाल ही में, रामायण में सीता का किरदार निभाने वालीं अभिनेत्री दीपिका चिखलिया ने सोशल मीडिया पर एक किस्सा शेयर किया, जब सेट पर एक बड़ा सा सांप आ गया था और सबकी हालत खराब हो गई थी।
दीपिका ने इंस्टाग्राम पर यह तस्वीर शेयर करते हुए लिखा- "इस तस्वीर के पीछे की एक कहानी है। चलिए आपको बताती हूं। हम सब शूटिंग में व्यस्त थे। लाइनें याद कर रहे थे। सब कुछ और दिनों की तरह चल रहा था। लेकिन जैसे ही सीन खत्म हुए हमारे कैमरामैन अजीत नायक हमारे पास आये और हमसे यह जगह खाली करने और उस पेड़ के नीचे ना खड़े होने के लिए कहा।"

दीपिका ने लिखा- "हम सब हैरान थे कि ऐसा अचानक क्या हो गया, इतनी जल्दबाजी क्यों। कैमरामैन ने सभी तकनीशियनों को भी मैदान खाली करने के लिए कहा। सागर साहब (रामानंद सागर) भी सोच भी पड़ गए कि अचानक क्या हुआ.. और तब उन्होंने इशारा किया कि पेड़ पर एक बहुत बड़ा सांप है। उसके बाद फिर क्या था.. हम सब वहां से तेजी से भागे। ये किस्सा हम सभी की यादों में है।"


Click it and Unblock the Notifications











