राहुल वैद्य - दिशा परमार की DiShul वेडिंग: अर्शी का महंगा लहंगा, राखी के पास नहीं है कपड़े, इसलिए नहीं जाएंगी
राहुल वैद्य - दिशा परमार की शादी की तैयारियां ज़ोर शोर से चल रही हैं और उनके दोस्त अर्शी खान, अली गोनी, जैसमीन भसीन, राखी सावंत सब इस शादी के लिए काफी उत्साहित हैं। 16 जुलाई को राहुल वैद्य और दिशा परमार सात फेरे लेने वाले हैं। फैन्स भी Rahul Vaidya - Disha Parmar Wedding से लेकर #TheDiShulWedding तक सारे हैशटैग ट्विटर पर ट्रेंड कर रहे हैं।
इस शादी के लिए अर्शी खान ने भी काफी तैयारी की है। अर्शी खान ने हाल ही में दिल्ली के एक स्टूडियो से सात लाख का लहंगा, इस शादी के लिए खरीदा है। वहीं वो रास्ते में ही मेहंदी लगवाती भी दिखीं क्योंकि मुंबई लौटकर उनके पास समय नहीं रहेगा। अर्शी ने एक इंटरव्यू में बताया कि वो इस शादी में राहुल और उनके बच्चे शेरू के साथ शिरकत करेंगी। शेरू, एक स्टफ टॉय था जिसे लेकर राहुल और अर्शी का बिग बॉस के घर में काफी झगड़ा हुआ था।

वहीं दूसरी तरफ, राखी सावंत का कहना है कि वो शादी में नहीं जा सकतीं क्योंकि हर फंक्शन के लिए कपड़े उनके पास नहीं हैं। हालांकि, वो 17 तारीख को शादी के बाद की पार्टी में राहुल - दिशा की शादी का लड्डू खाने जाएंगी। जब राखी से पूछा गया कि इस फंक्शन में जाने के लिए सबको कोरोना टेस्ट करवाना होगा तो राखी का कहना है कि मेरे अंदर पहले से ही कोरोना की वैक्सीन है। जब से मैं जीसस की भक्त बनी हूं तब से।

अली गोनी - जैसमीन भसीन उत्साहित
इस शादी के लिए अली गोनी और जैसमीन भसीन काफी उत्साहित हैं। गौरतलब है कि अली और राहुल वैद्य की दोस्ती, बिग बॉस के घर में मिसाल बन चुकी थी। राहुल वैद्य ने घर में ही राखी सावंत के साथ मिलकर अली और जैसमीन के लिए एक लव सॉन्ग भी लिखा था जो कि बाद में राहुल ने पूरा कर रिकॉर्ड किया और रिलीज़ भी किया था।

हो चुकी है चूड़ा की रस्म
दिशा परमार की चूड़ा की रस्म उनकी हल्दी के बाद ही हो चुकी है। इसे पूरा करने के बाद दिशा परमार, देर रात, राहुल वैद्य के साथ अपने डांस की रिहर्सल करती दिखाई दी थीं। दिशा और राहुल की प्रेम कहानी, बिग बॉस पर आफिशियल हुई थी। इससे पहले तक दोनों ही एक दूसरे को दोस्त बताते थे। लेकिन राहुल ने नेशनल टीवी पर दिशा को प्रपोज़ किया था।

हल्दी की प्यारी तस्वीरें
फैन्स लगातार राहुल और दिशा की शादी ट्रेंड कर रहे हैं और काफी उत्साहित हैं। उनकी हल्दी की तस्वीरें भी ट्विटर पर काफी वायरल हो रही हैं जहां राहुल और दिशा दोनों का ही फूलों के साथ स्नान करवाया गया। राहुल और दिशा की शादी के आधिकारिक फोटोग्राफर हैं इसरानी फोटोज़।

बेहद प्यारी तस्वीर
दिशा को मेहंदी को प्यार से निहारते राहुल वैद्य। गौरतलब है कि बिग बॉस के घर से निकलने के बाद राहुल वैद्य एक बार फिर से दिशा को एक रोमांटिक प्रपोज़ल देने के लिए एक हेलीकॉप्टर में आसमान की ऊंचाईयों पर ले गए थे। दिशा और राहुल 2017 - 18 से एक दूसरे को जानते हैं।

क्यूट सी तस्वीरें
फैन्स लगातार, राहुल और दिशा की शादी की क्यूट तस्वीरें कभी ट्विटर तो कभी इंस्टाग्राम पर शेयर कर रहे हैं। जैसे कि इंतज़ार है तो बस इनकी शादी की तस्वीरों का। हमें यकीन है कि वो भी बाहर आते ही इसी तरह वायरल हो जाएंगी।

राहुल की दुलहनिया
अपनी दुलहनिया दिशा परमार के साथ मेहंदी की रस्म पर राहुल वैद्य। राहुल ने दिशा के साथ तस्वीरें शेयर करते हुए दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे का मशहूर गाना भी लिखा - लेने तुझे ओ गोरी आएंगे तेरे सजना। राहुल वैद्य बिग बॉस के घर में दो बार दिशा परमार को प्रपोज़ कर चुके हैं।

काफी दिनों की थी दूरी
बिग बॉस के घर से निकलने के बाद राहुल और दिशा कई बार डेट पर साथ में दिखाई दिए। लेकिन उसके बाद दिशा को फिर राहुल से अलग होना पड़ा जब राहुल वैद्य, खतरों के खिलाड़ी की शूटिंग के लिए केप टाऊन चले गए। इस शो के सबसे महंगे प्रतिभागी राहुल वैद्य हैं।

दिशा की मेहंदी
मेहंदी की रस्म से दिशा परमार की एक और प्यारी सी तस्वीर। दिशा परमार टीवी पर स्टार प्लस के सीरियल प्यार का दर्द है मीठा मीठा प्यारा प्यारा के साथ फेमस हुई थीं। इस सीरियल में वो नकुल मेहता से रोमांस करती दिखाई दी थीं। वहीं राहुल वैद्य, देश के पहले सिंगिंग रियलिटी शो इंडियन आईडल के सबसे चर्चित प्रतिभागी थे।

मत्थे ते चमकण
राहुल वैद्य ने दिशा के साथ सात फेरे लेने से पहले ही अपना वेडिंग सॉन्ग मत्थे ते चमकण रिलीज़ कर दिया। इस गाने को फैन्स काफी पसंद कर रहे हैं। गाने को रिक्रिएट किया है श्रेयस पुराणिक ने और इसे राहुल के साथ गाया है ऐश्वर्या भंडारी ने।

देर रात कैमरों में कैद
राहुल वैद्य और दिशा परमार को देर रात कैमरों में कैद किया गया था। दोनों शादी की सारी रस्मों के बाद एक साथ अपने डांस रिहर्सल के लिए जाते दिखाई दिए थे। अब बस फैन्स को दिशा परमार के मिसेज़ राहुल वैद्य और राहुल वैद्य के मिस्टर दिशा परमार बनने का इंतज़ार है।
Final rehearsal 💖💖💖💖#DishaParmar#RahulVaidya#RKVians #TheDisHulWedding pic.twitter.com/wl7DZ5FHJs
— Monisha Ahammad- ˡᵃᵈᵏⁱʷᵃˡᵉ (@AhammadMonisha) July 15, 2021


Click it and Unblock the Notifications











