घर की बहू बनना चाहती हैं पूजा मिश्रा
मुम्बई। बिग बॉस 5 से मशहूर हुईं मॉडल एवं अभिनेत्री पूजा मिश्रा घर की बहू बनना चाहती हैं। अरे चौंकिये नहीं, वो शादी करने नहीं जा रही हैं। असल में वो टीवी पर कोई ऐसा धारावाहिक करना चाहती हैं, जो हफ्ते में पांच दिन आता हो और लंबे समय तक चले। जरा सोचिये ऐसा धारावाहिक किसी सास-बहू टाइप सीरियल से कम हो सकता है क्या।
खैर ये चुटकी हम ले रहे थे, क्योंकि पूजा मिश्रा ने धारावाहिक में आने की इच्छा जाहिर की है। हालांकि उन्होंने ऐसा कोई विशेष रोल करने की इच्छा नहीं जताई है। पूजा मिश्रा का कहना है कि उनके अगले रियलिटी शो 'वेलकम : बाजी मेहमांनवाजी' में दर्शकों को शांत पूजा नजर आएगी।
28 वर्षीय पूजा ने कहा, "'वेलकम' एक अलग तरह का शो है जो भोजन पर आधारित है। आपको इसमें अलग पूजा नजर आएगी क्योंकि 'बिग बॉस' में बहुत आक्रामकता थी और लोग मुझे लड़ने के लिए उकसाते थे।"
पूजा ने कहा कि वह टीवी धारावाहिकों में काम करना चाहती हैं। उन्होंने कहा कि फिल्म की बजाय वह धारावाहिक करना चाहेंगी क्योंकि टीवी बहुत सशक्त माध्यम है। पहले मुझे धारावाहिकों के प्रस्ताव मिले थे लेकिन मैंने मना कर दिया था। पूजा जल्द ही 'हम बाजा बजा देंगे' में आइटम गाना करते नजर आएंगी। इस फिल्म के निर्देशक चंद्रा बारोट हैं। पूजा 'दि सिटी दैट नेवर स्लीप्स' में भी काम कर रही हैं।
खैर आपकी क्या राय है, अगर पूजा मिश्रा को कोई सीरियल मिल जाता है, तो क्या वो बहू का किरदार निभा पायेंगी। अगर हां, तो कैसी- दिन भर सास की सेवा करने वाली या घर में लड़ाई लड़वाने वाले षड़यंत्र रचने वाली? जवाब नीचे कमेंट बॉक्स में दें।


Click it and Unblock the Notifications
