खतरों के खिलाड़ी 11 जीतने के बाद अर्जुन बिजलानी ने जमकर की पार्टी, नहीं नज़र आए दिव्यांका, राहुल, श्वेता
खतरों के खिलाड़ी सीज़न 11 का फिनाले इस हफ्ते 25 - 26 सितंबर को प्रसारित होना है लेकिन विनर के नाम की घोषणा पहले ही हो गई है। ये घोषणा आधिकारिक तौर पर तो नहीं हुई लेकिन अर्जुन बिजलानी ने फिनाले जीतने के बाद अपने साथियों विशाल आदित्य सिंह, सना मक़बूल, वरूण सूद, अनुष्का सेन और वरूण सूद की गर्लफ्रेंड दिव्या अग्रवाल के साथ जमकर पार्टी की।
ये पार्टी रखी थी अर्जुन बिजलानी की पत्नी नेहा बिजलानी ने। नेहा ने अर्जुन के साथ एक तस्वीर शेयर करते हुए अपने इंस्टाग्राम पर ये भी लिखा कि मुझे तुम पर गर्व है। वहीं पार्टी में कुछ तस्वीरों में अर्जुन खतरों के खिलाड़ी की ट्रॉफी के साथ नज़र आए।

अर्जुन बिजलानी की इस पार्टी में हालांकि राहुल वैद्य, दिव्यांका त्रिपाठी और श्वेता तिवारी शामिल होते नहीं दिखीं। जब से अर्जुन के नाम की घोषणा हुई है तब से ही फैन्स इस बात पर भी बहस कर रहे हैं कि शो को अर्जुन को नहीं बल्कि दिव्यांका त्रिपाठी या फिर राहुल वैद्य को जीतना चाहिए था।

अनुष्का सेन के साथ तस्वीरें
खतरों के खिलाड़ी सीज़न 11 की सबसे छोटी प्रतिभागी अनुष्का सेन भी इस पार्टी का हिस्सा रहीं। अनुष्का हर टास्क बेहतरीन तरीके से करती थीं और उनकी हिम्मत और हौसले का हर कोई कायल हो गया था। रोहित शेट्टी भी उनकी हिम्मत देख कर हैरान रह जाते थे। अनुष्का को सबसे छोटी होने के कारण बाकी सभी प्रतिभागियों का प्यार मिला।

वरूण सूद - दिव्या अग्रवाल
इस पार्टी में वरूण सूद अपनी गर्लफ्रेंड दिव्या अग्रवाल के साथ नज़र आए। दिव्या अग्रवाल ने हाल ही में बिग बॉस ओटीटी का पहला सीज़न जीता है। इस सीज़न को जीतने के लिए दिव्या अग्रवाल ने शमिता शेट्टी, राकेश बापट, नेहा भसीन, प्रतीक सहजपाल, निशांत भट्ट को पीछे छोड़ा।

डांस में मगन
अर्जुन बिजलानी, पत्नी नेहा के साथ डांस में मगन नज़र आए। अर्जुन ने इस सीज़न में भाग लिया था अपने बेटे के लिए। कई बार टास्क के दौरान जब उनकी हिम्मत छूट जाती थी तो वो अपने बेटे का नाम लेकर खुद को हौसला देते थे।

विशाल - सना ने साथ में की पार्टी
इस सीज़न में एक इंसान जिसकी किस्मत टास्क में खराब थी वो थे विशाल आदित्य सिंह। हालांकि विशाल को शो में दोबारा मौका दिया गया था और वो वाइल्ड कार्ट एंट्री बनकर लौटे थे। वहीं सना मकबूल ने शो से निकलने के बाद अपने फैन्स से माफी मांगी थी कि वो उनकी उम्मीदों पर खरी नहीं उतरी।

शुरू से निशाने पर अर्जुन
अर्जुन बिजलानी अपने हंसमुख स्वभाव के कारण शुरू से ही सबके निशाने पर थे। कभी कभी उनके कुछ मज़ाक फैन्स को भी नहीं पसंद आते थे। दिव्यांका के साथ अर्जुन की ट्यूनिंग शो पर काफी अच्छी रही। फाईनल में भी दोनों ने एक दूसरे को कड़ी टक्कर दी।

राहुल फैन्स का भी टूटा दिल
राहुल वैद्य फैन्स का भी दिल टूट चुका है। वो चाहते थे कि राहुल ही खतरों के खिलाड़ी का ये सीज़न जीतें। राहुल ने भी पूरा सीज़न एक से एक बेहतरीन टास्क परफॉर्म किए और अपने पानी के डर को भी काबू करना सीखा।

इस वीकेंड देखिए ग्रांड फिनाले
अब भले ही विजेता का नाम साफ है लेकिन टास्क देखे बिना तो आपको भी मज़ा नहीं आएगा। इस वीकेंड देखिए खतरों के खिलाड़ी का ग्रांड फिनाले और जानिए किसने किसको किस टास्क में कड़ी टक्कर दी।


Click it and Unblock the Notifications











