लॉकडाउन में परेशान है "पटियाला बेब्स" का एक्टर, ट्विट कर मांगा काम- कहा, "काम चाहिए, बहुत दिन हुए"
ढ़ाई महीने से चल रही इस लॉकडाउन में इंटरटेनमेंट इंडस्ट्री के कलाकार बहुत परेशान हैं। कई फिल्में टल चुकी हैं, कई टीवी शोज बंद हो चुके हैं। इंडस्ट्री के मजदूरों से लेकर कलाकार तक संकट से गुजर रहे हैं। कुछ ही दिनों पहले टीवी सीरियल "हमारी बहू सिल्क" की खबर सामने आई है, जहां निर्माता ने पिछले कई महीनों से शो से स्टारकास्ट से लेकर टेक्नीशियन तक, किसी को भी पेमेंट नहीं दिया है। और सभी परेशानी का सामना कर रहे हैं।
वहीं, अब टीवी शो पटियाला बेब्स फेम एक्टर अनिरुद्ध दवे ने कास्टिंग डाइरेक्टर को ट्विट करते हुए काम मांगा है। लॉकडाउन की वजह से उन्हें आर्थिक तंगी का सामना करना पड रहा है। साथ ही उन्हें अपने करियर को लेकर चिंता सता रही है।

अनिरुद्ध दवे ने ट्विट करते हुए लिखा- "लेखक और निर्देशक ही लिखते हैं किस्मत कलाकार की, भगवान तो स्वयं फुरसत में हैं. काम चाहिए, बहुत दिन हो गए हैं." दरअसल, उन्होंने यह ट्विट एक कास्टिंग कंपनी को टैग करते हुए लिखा है, जो घर बैठे ऑडिशन देने का मौका दे रही है।
अनिरुद्ध ने सोनी चैनल के चर्चित शो पटियाला बेब्स में इंस्पेक्टर हनुमान सिंह का किरदार निभाया था। इस शो ने वह काफी पॉपुलर भी हुए थे। लेकिन कुछ समय बाद शो में लीप की वजह से अनिरुद्ध को सीरियल से हटा दिया गया था। फिर लॉकडाउन लग गया और टीवी सीरियल्स के निर्माण पर ही रोक लग गई। लिहाजा, एक्टर के करियर पर ब्रेक लग गया है।


Click it and Unblock the Notifications