मिर्ज़ापुर सीरीज़ के ललित, एक्टर ब्रह्म स्वरूप मिश्रा अपने घर में मृत पाए गए, को एक्टर्स ने निधन पर जताया शोक
मशहूर वेब सीरीज़ मिर्ज़ापुर 2 में ललित का किरदार निभाने वाले एक्टर ब्रह्म स्वरूप मिश्रा का 2 दिसंबर को निधन हो गया। उनके को एक्टर्स ने इस बात की पुष्टि करते हुए सोशल मीडिया पर उनके निधन पर दुख जताया। 36 साल के ब्रह्म स्वरूप मिश्रा, यारी रोड स्थित अपने वर्सोवा के किराए के फ्लैट पर मृत पाए गए।
उनके निधन पर पुलिस ने किसी तरह का कोई संदेह नहीं जताया है। मिर्ज़ापुर के एक्टर्स अली फ़ज़ल, विजय वर्मा, दिव्येंदु शर्मा, श्वेता त्रिपाठी ने ब्रह्म स्वरूप मिश्रा के निधन पर शोक जताया है।

ब्रह्म स्वरूप मिश्रा, भोपाल के रहने वाले थे और उन्होंने FTII पुणे से एक्टिंग का कोर्स किया था। उन्होंने अपना डेब्यू 2013 में चोर चोर नाम की एक फिल्म के साथ किया था। इसके बाद वो मांझी द माउंटेन मैन, दंगल, बदरीनाथ की दुल्हनिया और सुपर 30 में छोटे छोटे किरदारों में दिखाई दिए।

मिर्ज़ापुर ने दिलाई पहचान
ब्रह्म स्वरूप मिश्रा को पहचान दिलाई थी वेब सीरीज़ मिर्ज़ापुर ने। इस सीरीज़ में वो ललित के किरदार में दिखाई दिए और फैन्स के दिल में अपने अभिनय के दम पर अपने किरदार की छाप छोड़ गए। इसके अलावा, केसरी फिल्म में भी वो एक छोटे लेकिन अहम किरदार में थे जहां दुश्मनों को पानी पिलाने के बाद वो शहीद हो गए।

एक्सेल इंटरटेनमेंट ने किया कंफर्म
एक्सेल इंटरटेनमेंट के इंस्टाग्राम हैंडल ने अपने एक्टर के निधन की खबर की पुष्टि करते हुए शोक जताया और लिखा हम ब्रह्म स्वरूप मिश्रा के आकस्मिक निधन से बहुत दुखी हैं। उनके परिवार और दोस्तों के साथ हमारी सांत्वना। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे।

विजय वर्मा ने जताया शोक
एक्टर विजय वर्मा ने भी अपने साथी के निधन पर शोक जताया। उन्हें यकीन ही नहीं हुआ कि ये खबर सच्ची है।

दिव्येंदु
मिर्ज़ापुर एक्टर दिव्येंदु ने ब्रह्म स्वरूप मिश्रा के साथ एक तस्वीर सांझा करते हुए लिखा - हमारा ललित नहीं रहा। सबलोग उनके लिए प्रार्थना करिएगा। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे।

अली फ़ज़ल ने जताया शोक
अली फ़ज़ल ने दुख व्यक्त करते हुए लिखा - दिल टूट गया है। एक बार और - ब्रह्म। ध्यान रखना साथी। सुकून में रहना।

श्वेता त्रिपाठी ने दी श्रद्धांजलि
मिर्ज़ापुर एक्टर श्वेता त्रिपाठी ने ब्रह्म स्वरूप मिश्रा को याद करते हुए लिखा, आपके साथ काम कर पाना एक यादगार अनुभव था।
ब्रह्म स्वरूप मिश्रा के परिवार के साथ हमारी पूरी सहानुभूति है। ईश्वर उनके परिवार को ये दुख सहने की शक्ति दे और दिवंगत की आत्मा को शांति।


Click it and Unblock the Notifications











