डांस शो करना चाहती हैं ईशा कंसारा
टीवी अदाकारा ईशा कंसारा कहती हैं कि नृत्य उनका पहला प्यार है और उनकी इच्छा किसी नृत्य आधारित कार्यक्रम में हिस्सा लेने की है। ईशा इन दिनों धारावाहिक 'मेरी भाभी' में दिखाई दे रही हैं।
ईशा ने आईएएनएस को बताया, "मैं रियलिटी नृत्य कार्यक्रम में हिस्सा लेना चाहती हूं। नृत्य मेरा पहला प्यार रहा है। यदि मैं अभिनेत्री नहीं होती तो यकीनन एक नृत्यांगना होती। मैं सचमुच नृत्य करना चाहती हूं। चाहे वह दैनिक कार्यक्रम हो या रियलिटी शो।"

ईशा ने कहा कि उनका नया धारावाहिक सास-बहू वाला घिसा-पिटा कार्यक्रम नहीं है। उन्होंने कहा, "हर किसी को लग रहा है कि यह सास-बहू वाली कहानी है। लेकिन मुझे उम्मीद है कि कुछ समय बाद लोग कहेंगे कि अब ननद-भाभी वाले कार्यक्रम भी आने लगे हैं।"
ईशा अहमदाबाद की रहने वाली हैं और बहुत समय से थिएटर से जुड़ी रही हैं। लेकिन उनकी प्राथमिकता टीवी है।
उन्होंने कहा, "क्योंकि..सास भी कभी बहू थी' के समय से मैं टीवी अभिनेत्री बनने के सपने देखा करती थी। मैं अपनी मां से कहती थी कि मैं टीवी में अभिनय करना चाहती हूं और अच्छे-अच्छे कपड़े पहनना चाहती हूं। मुझे मालूम नहीं था कि इसकी शुरुआत कहां से करनी है। मैंने सबसे पहले थिएटर से शुरुआत की।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications