मयांक चेंग ने जीता झलक..का ताज

अपनी आवाज से तो पहले ही वो लाखों-करोड़ो लोगों को अपना मुरीद बनाने वाले चेंग ने अब अपने ठुमकों से भी लोगों का दिल जीत लिया है जिसका नतीजा ये हुआ कि वो डांस रियलिटी शो झलक....के विजेता बन बैठे। वैसे जितना इस खिताब के पीछे लोगों की दुआएं हैं उतनी ही चेंग और उनके कोरियोग्राफर मलीषा की मेहनत है।
सोनी टीवी के रियलिटी शो 'झलक दिखला जा-4" का फाइनल रंगारंग रहा, इस शो में जहां शो की प्रमुख आकर्षण माधुरी दीक्षित ने अपनी ही फिल्म पुकार के हिट सांग के सरा...सरा पर जबरदस्त परफार्मेश देकर ये साबित कर दिया कि आखिर क्यों उन्हें बॉलीवुड क्वीन कहा जाता है और लोग क्यों उनके इतने दीवाने हैं। माधुरी के अलावा शो के दूसरे जज रेमो ने भी अपनी शानदार प्रस्तुति से सभी को ये जता दिया कि आखिर क्यों वो अपने प्रतिभागियों की कमी निकाला करते थे।
क्लिक करें : झलक के बारे में ....
रेमो की प्रस्तुति पर माधुरी और मलाइका ने उनका खड़े होकर अभिवादन दिया। जबकि इस शो के प्रतिभागी रहे कृष्णा, रागिनी और माही ने जमकर शो के तीनो जजों और प्रस्तोता मोना सिंह की नकल उतारी, जबकि प्रतिभागी दया ने बच्चों के साथ छोटा भीम बनकर लोगों का दिल जीता। शो के सारे प्रतिभागियों के कोरियोग्राफर ने भी स्टेज पर डांस पेश किया।
कुल मिला कर शो की ग्रैंड फिनाले की रात बेहद ही आकर्षक थी। मेयांग चेंग ने झलक का खिताब सुशांत सिंह और याना गुप्ता को हरा कर जीता है। चेंग को 25 लाख रुपए का इनाम मिला, जबकि 25 लाख का ही इनाम उनकी पार्टनर और कोरियोग्राफर मलीषा को भी मिला। जबकि सुशांत सिह राजपूत और उनकी कोरियोग्राफर सम्पा को शो के सबसे शानदार प्रतिभागी का इनाम मिला जिसके लिए उन्हें पांच लाख रूपये दिये गये।
इनाम की घोषणा भी बेहद ही रोचक ढंग से की गई, माधुरी दीक्षित से कहा गया कि ऊपर से आने वाले संदूक में विजेता का नाम लिखा है, जिसको पढ़कर वो अपने इशारों से विजेता का नाम बताएं। माधुरी ने ठीक वैसा ही किया, उन्होंने तीनो प्रतिभागियों और उनके कोरियोग्राफर को एक साथ खड़ा कर दिया और उनके चारों ओर चक्कर लगाने लगी, सबकी सांसे ऊपर-नीचे हो रही थी कि इसी बीच माधुरी ने चेंग को गले लगा लिया।
पूरा हॉल और स्टेज तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा, मलीषा और चेंग की तो खुशी का ठिकाना ही नहीं रहा, वो मारे खुशी के स्टेज पर कूद रहे थे। इस मौके पर चैंग का पूरा परिवार उपस्थित था। चैंग ने इस खिताब के लिए मलीषा, अपने परिवार , ऊपरेवाले और देश की तमाम जनता का शुक्रिया अदा किया जिनके बदौलत चैंग इस शो के विजेता बनें।


Click it and Unblock the Notifications