पटना: सुर संग्राम फिनाले में भीड़ का उत्पात, 11 हिरासत में
पटना। भोजपुरी टीवी चैनल महुआ के रिएलिटी शो 'सुर संग्राम' के ग्रैंड फिनाले में मचे उत्पात के चलते पुलिस ने 11 उपद्रवियों को गिरफ्तार किया है। यह आयोजन रविवार रात बिहार की राजधानी के पटना के गांधी मैदान में आयोजित किया गया था। इस कार्यक्रम में बिहार के राज्यपाल देवानंद कुंवर और उपमुख्यमंत्री सुशाल कुमार मोदी मुख्य अतिथि थे।
रिएलिटी शो की अन्य खबरें पढ़ें
कार्यक्रम में भोजपुरी कलाकारों समेत अन्य फिल्मी कलाकारों का भी खासा जमावड़ा था। 'सुर संग्राम' कार्यक्रम के ग्रैंड फिनाले में भाग लेने के लिए भोजपुरी फिल्मों व गीतों के कलाकार रवि किशन, मनोज तिवारी, सम्भावना सेठ, मालिनी अवस्थी, शारदा सिन्हा के अलावा तनुश्री दत्ता, समीरा रेड्डी सहित कई सितारे पहुंचे थे।
इन कलाकारों का डांस देखने के लिए गांधी मैदान में हजारों दर्शक जुटे थे। कार्यक्रम अपने पूरे शबाब पर था जब अचानक कुछ लोगों ने ये हंगामा शुरू कर दिया। उपद्रवियों ने शो दिखाई ना देने के कारण तोड़-फोड़ शुरू कर दी। मंच से बार-बार लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की जाती रही, लेकिन लोगों का गुस्सा बढ़ता ही गया।
वहां उपस्थित पुलिसने लोगों को काबू करने के लिए बल प्रयोग भी किया, इसके बावजूद भीड़ अनियंत्रित ही रही। कुछ लोगों ने आयोजल स्थल पर आग भी लगा दी। जिसके बाद शो को बंद कर देना पड़ा। भीड़ ने पुलिस की जीप सहित कई वाहनों को भी निशाना बनाया। इस स्थिति में कार्यक्रम में भगदड़ मच गई। इस भगदड़ में कई लोगों के घायल होने की सूचना है।
गौरतलब है कि जब यह हांगामा हुआ तब कार्यक्रम स्थल पर प्रदेश के राज्यपाल व उप मुख्यमंत्री सहित राज्य के कई मंत्री उपस्थित थे।
इधर, गांधी मैदान थाना के प्रभारी अमन कुमार सिंह ने सोमवार को बताया कि इस सिलसिले में 11 लोगों को हिरासत में लिया गया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है। आयोजकों का कहना है कि ग्रैंड फिनाले का कार्यक्रम दोबारा आयोजित किया जाएगा जिसके स्थान और तारीख की घोषणा बाद में की जाएगी।


Click it and Unblock the Notifications











