Kyunki Saas Bhi... 2 Review: क्योंकि 2' ने फिर जगा दी 2000s वाली फीलिंग, पहले एपिसोड में हुआ ड्रामा और...

Kyunki Saas Bhi Kabhi Bahu Thi 2 Episode 1 Review: क्या 2000 का जमाना वापस लाया जा सकता है? एकता कपूर ने इस सवाल का जवाब दिया है अपने नए शो 'क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2' के जरिए। यह शो 29 जुलाई 2025 को स्टार प्लस पर लॉन्च हुआ और मिलेनियल्स से लेकर जिलिनियल्स तक सभी को पुराने दिन याद आ गए।
तुलसी और मिहिर फिर साथ
इस सीजन के साथ स्मृति ईरानी ने छोटे पर्दे पर शानदार वापसी की है। उन्होंने एक बार फिर अपने आइकॉनिक किरदार 'तुलसी विरानी' को निभाया है। अच्छी खबर ये भी है कि अमर उपाध्याय फिर से 'मिहिर' के रोल में नजर आए हैं। इस बार मिहिर सिर्फ एक बेटे के रोल में नहीं बल्कि एक पति और पिता की जिम्मेदारियों में भी नजर आएंगे। शो की शुरुआत तुलसी की अपनी बा (दिवंगत सुधा शिवपुरी) को याद करते हुए होती है।
शांति निकेतन में फिर दिखे पुराने चेहरे
तुलसी जब 'शांति निकेतन' में एंट्री लेती हैं, तो कई पुराने चेहरे दिखाई देते हैं - दक्षा, गायत्री, करण, नंदिनी, हेमंत और शोभा। सभी को देखकर पुराने एपिसोड्स की यादें ताजा हो जाती हैं। अपरा मेहता, जो सास 'सविता' का रोल निभा रही थीं, वे आत्मा बनकर एक छोटा लेकिन इमोशनल सीन करती हैं।
तुलसी और मिहिर की 38वीं वेडिंग एनिवर्सरी मनाई जा रही होती है, लेकिन मिहिर अपनी बिजी लाइफ में इतने उलझे हैं कि ये दिन भूल जाते हैं। जब तुलसी नाराज होकर मंदिर जाती हैं, तो मिहिर उसे सरप्राइज गिफ्ट के रूप में कार देता है।
फ्लैशबैक और पुरानी कहानी की झलक
इस एपिसोड में तुलसी-मिहिर की पुरानी लव स्टोरी का फ्लैशबैक भी दिखाया जाता है- जैसे उनकी शादी, मिहिर की फर्जी मौत और फिर उसकी जिंदा वापसी। यह सब देखकर पुराने फैंस बहुत इमोशनल हो गए।
किरदारों की नई जिंदगी
अब करण, शोभा और हेमंत शांति निकेतन में नहीं रहते। हेमंत अब वकील बन गया है और दक्षा चाची अभी भी टीवी और फिल्मी दुनिया की फैन बनी हुई हैं। गायत्री अब पहले से ज्यादा सख्थ और शेडी किरदार में दिखाई दीं।
तीन नए चेहरों का इंट्रोडक्शन
तीन नए किरदार भी शो में शामिल हुए हैं- अंगद (रोहन सुचांती), परी (शगुन शर्मा), ऋतिक (अमन गांधी)। फिलहाल तो इन तीनों का खास रोल नहीं दिखा, लेकिन आने वाले एपिसोड्स में इनका बड़ा रोल होने वाला है।
टाइटल सॉन्ग ने लौटाई पुरानी यादें लौटीं
शो का टाइटल ट्रैक और बैकग्राउंड म्यूजिक वही पुराना वाला रखा गया है, जो सबको पसंद था। साथ ही, शो फिर उसी पुराने टाइम स्लॉट में रात 10:30 बजे टेलिकास्ट हो रहा है - जैसे पहले 2000 से 2008 तक आता था। गायत्री और हेमंत के बीच की बातचीत में हल्का सा निगेटिव कैरेक्टर सामने आता है, जिससे लग रहा है कि शायद वह इस सीजन की पहली वैम्प बनेंगी।
और भी कैमियो की उम्मीद
करण, गौतम और साहिल का जिक्र एपिसोड में आया है, जिससे लग रहा है कि आगे चलकर पुराने किरदारों की कैमियो एंट्रीज भी देखने को मिलेंगी।
अनुपमा से तुलना
कुछ दर्शकों को यह शो अनुपमा से मिलता-जुलता लगा, लेकिन 'क्योंकि 2' में अब भी अपना पुराना रंग है। फैंस इसे दोबारा देखने की वजह पुरानी यादों को मान रहे हैं। असली सवाल यह नहीं है कि क्या यह शो पुराने जैसा हिट होगा, बल्कि यह है कि क्या यह फिर से दिलों में जगह बना पाएगा? एकता कपूर ने खुद कहा है कि KSBKBT उनका पहला और सबसे खास शो है, तो उम्मीद है कि ये सीजन भी उतना ही यादगार बनेगा।


Click it and Unblock the Notifications











