इम्तियाज़ अली की वेब सीरीज़ हीरो होंगे कुमुद मिश्रा, बनेंगे सेक्स विशेषज्ञ मिस्टर अरोड़ा
इम्तियाज़ अली का प्रोडक्शन हाउस विंडो सीट फिल्म्स इस समय कुछ बेहद अच्छे प्रोजेक्ट्स पर काम कर रहा है। इनमें से एक कहानी है एक सेक्स विशेषज्ञ की जो कि सोनी लाईव पर एक वेब सीरीज़ के तौर पर जाएगी। इस वेब सीरीज़ के हीरो होंगे मशहूर एक्टर कुमुद मिश्रा जो सीरीज़ में मिस्टर अरोड़ा की मुख्य भूमिका में दिखाई देंगे। इस वेब सीरीज़ का नाम है मिस्टर अरोड़ा।
पीपिंग मून की एक्सक्लूसिव रिपोर्ट की मानें तो सीरीज़ में कुमुद मिश्रा, 90 के दशक के एक सेक्स विशेषज्ञ की भूमिका में दिखाई देंगे जिनकी प्रेम कहानी समाज के अलग अलग नियम और पाबंदियों से लड़ती हुई दिखाई देगी। वहीं इस प्रेम कहानी में राजनीतिक पहलू भी अहम भूमिका निभाएगा।

इस कहानी को लिखा है इम्तियाज़ अली और उनके भाई आरिफ अली ने। वहीं इस सीरीज़ को डायरेक्ट करेंगे इम्तियाज़ के भाई साजिद अली जिन्होंने अविनाश तिवारी और तृप्ति डिमरी स्टारर लैला मजनू डायरेक्ट की थी।
गौरतलब है कि कुमुद मिश्रा, हाल ही में कोरोना से लड़ते हुए, अस्पताल में भर्ती थे और फिलहाल वो रिकवरी पर हैं। जल्दी ही वो काम पर लौटेंगे और इस वेब सीरीज़ के साथ सेट पर अपनी वापसी करेंगे। उनकी फिल्म राम सिंह चार्ली भी सोनी लाईव पर स्ट्रीम हो रही है।

रॉकस्टार से मिली पहचान
कुमुद मिश्रा ने यूं तो अपने करियर की शुरूआत सरदारी बेगम नाम की फिल्म के साथ की थी और बॉलीवुड में उनका करियर भी काफी लंबा रहा है। लेकिन उन्हें पहचान मिली थी रॉकस्टार के छोटे से रोल खटाना भाई के साथ। खटाना भाई, फिल्म में रणबीर कपूर के किरदार JJ की कहानी बताते हैं।

छोटे छोटे किरदारों से जीता दिल
इसके बाद कुमुद मिश्रा अपने छोटे छोटे किरदारों के साथ फिल्मों के साथ - साथ दर्शकों के दिल में अपनी जगह बनाने लगे। चाहे वोे एयरलिफ्ट में एक सरकारी ऑफिसर की भूमिका हो या फिर सुलतान में अनुष्का शर्मा के कुश्ती टीचर पिता की भूमिका।

रूस्तम में बदली फिल्म की हवा
फिल्म रूस्तम में कुुमुद मिश्रा ने अपने किरदार एली बिलिमोरिया के साथ पूरी फिल्म की दिशा ही बदल दी थी। फिल्म में वो एक अखबार के एडिटर इन चीफ की भूमिका में दिखाई दिए थे जो अपनी पत्रकारिता से रूस्तम के प्रति पूरे देश के दिल में सहानुभूति पैदा कर इसे एक नेशनल हीरो बना देता है।

सब इंस्पेक्टर जाधव
इसके बाद कुमुद मिश्रा अनुभन सिन्हा की फिल्म आर्टिकल 15 में एक बेहद सशक्त भूमिका में दिखाई दिए। फिल्म में वो आयुष्मान खुराना के नीचे काम करने वाले सब इंस्पेक्टर जाधव की भूमिका में दिखाई दिए थे।

तांडव
अमेज़ॉन प्राईम की तांडव में कुमुद मिश्रा, गोपाल दास मुंशी के किरदार में दिखाई दिए। सैफ अली खान स्टारर इस सीरीज़ में यूं तो स्टार्स की भरमार थी लेकिन फिर भी कुमुद मिश्रा अपनी छाप छोड़ गए।

थप्पड़ की यादगार भूमिका
अनुभव सिन्हा की थप्पड़ में कुमुद मिश्रा, तापसी पन्नू के पिता की भूमिका में दिखाई दिए थे। फिल्म में उनका छोटा सा किरदार काफी यादगार था। फिल्म में वो अपनी बेटी को पूरी तरह सपोर्ट करते दिखते हैं लेकिन तब हैरान रह जाते हैं जब उनकी पत्नी उन्हें एहसास दिलाती है कि वो भी पुरूष मानसिकता का शिकार है जो औरतों को बराबरी का हक नहीं देता।

राम सिंह चार्ली
फिल्म राम सिंह चार्ली में कुमुद मिश्रा, सर्कस को बचाते हुए एक कलाकार की भूमिका में दिखाई दिए थे। फिल्म में उनका साथ दिया था दिव्या दत्ता ने। इस फिल्म को दर्शकों ने बेहतरीन रिव्यू दिए थे और कुमुद मिश्रा की फैन फॉलोइंग में तेज़ी से इज़ाफा हुआ था।

एक और मुख्य भूमिका की तैयारी
अब कुमुद मिश्रा, इम्तियाज़ अली की इस सीरीज़ के साथ एक और शानदार किरदार को अपना बनाने जा रहे हैं। दर्शकों को उनकी इस सीरीज़ का इंतज़ार है।


Click it and Unblock the Notifications












