रणबीर की मां बनना चाहती हैं 'कृष्णाबेन'

इंदिरा ने यहां शो के दौरान कहा, "मैं आजकल के युवा अभिनेताओं में बहुत सी प्रतिभा देख रही हूं और मैं रणबीर कपूर के काम से बहुत प्रभावित हूं। उन्होंने 'राजनीति' में बहुत अच्छा अभिनय किया और उनमें उनकी हर फिल्म के साथ निखार आ रहा है। मैं वास्तव में मुझे रणबीर की मां की भूमिका निभाने का अवसर मिलने का इंतजार कर रही हूं।"
उन्होंने कहा, "मैंने बहुत कम उम्र में ही मां की भूमिकाएं करना शुरू कर दिया था और मुझे उसमें आनंद भी मिलता है। मुझे नकारात्मक मां की भूमिका निभाना कभी भी पसंद नहीं आया लेकिन मैं सोचती हूं कि एक ऐसी मां का किरदार भी रोचक होता होगा जिसके व्यक्तित्व के कुछ पहलू नकारात्मक हों।"
'कृष्णाबेन खाखरावाला' में इंदिरा का किरदार सकारात्मक है, इसलिए वह उम्मीद करती हैं कि उन्हें बड़े पर्दे पर भी एक अच्छी मां की भूमिका निभाने का अवसर मिलेगा। जब से इंदिरा ने कृष्णाबेन की भूमिका निभाना शुरू किया है, उन्हें हर घर में पहचाना जाने लगा है। इस शो में वह घर से ही गुजराती खाखरा का व्यवसाय चलाती हैं।
आजकल की मां की भूमिका पर इंदिरा कहती हैं, "पर्दे पर मां के किरदार में बहुत ज्यादा बदलाव आया है। अब वे दिन गए जब एक विधवा मां सफेद रंग की साड़ी पहने एक कोने में बैठी हमेशा आंसू बहाती रहती थी। आजकल की माताएं मजबूत और महत्वाकांक्षी होती हैं और उनकी जिंदगी में पुरुष न होने पर भी वे जानती हैं कि उन्हें खुद को किस तरह साबित करना है।"


Click it and Unblock the Notifications











