खतरों के खिलाड़ी 11: होस्ट रोहित शेट्टी के और तीन स्टार्स की फीस करोड़ों में, पढ़िए किसकी कितनी फीस
जब से खतरों के खिलाड़ी की शूटिंग शुरू हुई थी तब से ही दर्शकों को इस शो के टेलीकास्ट होने का बेसब्री से इंतज़ार था। आखिरकार, दर्शकों का इंतज़ार खत्म हो रहा है और खतरों के खिलाड़ी 17 जुलाई से कलर्स पर प्रसारित होने जा रहा है। मई के महीने में इस शो के 12 खिलाड़ी, रोहित शेट्टी के साथ केप टाऊन पहुंचे थे जहां इसकी शूटिंग पूरी हुई।
इस दौरान, लगातार इन प्रतिभागियों की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल रहीं। कभी निक्की तंबोली के हॉट लुक्स देखकर फैन हैरान हुए तो कभी सना मक़बूल की बिकीनी तस्वीरें। वहीं दिव्यांका त्रिपाठी साड़ी पहनकर हिंदी फिल्मों की तरह डांस करती दिखाई दीं।

इस शो पर फैन्स सबसे ज़्यादा उत्साहित हैं दो खिलाड़ियों को देखने के लिए - श्वेता तिवारी और राहुल वैद्य। श्वेता तिवारी ने अपने transformation के साथ सबको हैरान कर दिया। अब ये सभी खिलाड़ी 17 जुलाई से रोहित शेट्टी के इशारों पर खतरनाक स्टंट्स करते दिखाई देंगे। इन जानलेवा स्टंट को करने के लिए इन सितारों ने मोटी तगड़ी फीस ली है।
शो के होस्ट रोहित शेट्टी, खतरों के खिलाड़ी सीज़न 11 के हर एपिसोड के लिए 49 लाख रूपये चार्ज कर रहे हैं। यानि कि 12 - 15 एपिसोड तक चलने वाले इस शो के लिए रोहित शेट्टी लगभग 6 - 7 करोड़ रूपये लेंगे। रोहित, सात साल से खतरों के खिलाड़ी होस्ट कर रहे हैं। वहीं शो में राहुल वैद्य, दिव्यांका त्रिपाठी, अर्जुन बिजलानी के फाईनल तक पहुंचने की खबर है। इन सितारों के प्रति एपिसोड की फीस के हिसाब से ये सितारे भी करोड़ों में इस शो से कमाई करेंगे। जानिए शो के सभी प्रतिभागियों की फीस -

12: आस्था गिल - 1.85 लाख प्रति एपिसोड
आस्था गिल एक सिंगर हैं जो 2014 में सोनम कपूर की फिल्म खूबसूरत के गाने अभी तो पार्टी शुरू हुई है के साथ फेमस हुई थीं। बादशाह के साथ इस गाने पर धूम मचाने के बाद आस्था और बादशाह की जोड़ी काफी फेमस हो गई और उन्होंने डीजे वाले बाबू के साथ धमाका किया था। नमस्ते इंग्लैंड के गाने प्रॉपर पटोला के साथ आस्था ने एक और हिट गाना अपने नाम किया। खतरों के खिलाड़ी के हर एपिसोड के लिए आस्था 1.85 लाख रूपये चार्ज कर रही हैं। आस्था शो की सबसे कम फीस लेने वाली खिलाड़ी हैं।

11: सौरभ राज जैन - 2 लाख प्रति एपिसोड
सौरभ राज जैन ने अपने करियर की शुरूआत 2004 में स्टार वन के शो रीमिक्स के साथ की थी। फिर उन्होंने कई शो किए और इनमें से ज़्यादातर शो में वो भगवान विष्णु के अतवार में दिखाई दिए थे। सौरभ को आखिरकार पहचान मिली स्टार प्लस के शो महाभारत में भगवान श्रीकृष्ण की भूमिका के साथ। सौरभ नच बलिए में अपनी पत्नी के साथ भाग ले चुके हैं। खतरों के खिलाड़ी के हर एपिसोड के लिए सौरभ राज जैन 2 लाख रूपये ले रहे हैं।

10: सना मक़बूल - 2.45 लाख प्रति एपिसोड
सना मक़बूल के करियर की शुरूआत एमटीवी के रियलिटी शो टीन डीवा के साथ हुई थी। इस शो के बाद सना ने अपने टीवी करियर की शुरूआत की और इस बीच कुछ तमिल - तेलुगू फिल्में भी कीं। सना को पहचान मिली, स्टार प्लस के शो इस प्यार को क्या नाम दूं जहां वो बरूण सोबती के अपोज़िट दिखाई दी थीं। सना मक़बूल खतरों के खिलाड़ी के हर एपिसोड के लिए 2.45 लाख प्रति एपिसोड चार्ज कर रही हैं।

9: विशाल आदित्य सिंह - 3.34 लाख प्रति एपिसोड
एक्टर विशाल आदित्य सिंह ने अपने करियर की शुरूआत भोजपुरी इंडस्ट्री से की थी। इसके बाद वो कई सीरियल में दिखाई दिए लेकिन उन्हें पहचान मिली बेगूसराय के साथ। इसके बाद वो चंद्रकांता के रीमेक में मधुरिमा तूली के साथ दिखाई दिए जिसके बाद से दोनों रिलेशनशिप के उतार चढ़ाव पहले नच बलिए और फिर बिग बॉस का हिस्सा बने। विशाल आदित्य सिंह, खतरों के खिलाड़ी के हर सीज़न के लिए 3.34 लाख रूपये चार्ज कर रहे हैं।

8: वरूण सूद - 3.83 लाख प्रति एपिसोड
वरूण सूद, रियलिटी टीवी की दुनिया का जाना माना चेहरा हैं। उन्हें पहचान मिली थी एमटीवी के शो रोडीज़ में एक प्रतिभागी के तौर पर। इसके बाद वरूण, एमटीवी के एस ऑफ स्पेस का हिस्सा बने नज़र आए। बालाजी टेलीफिल्म्स के कई वेब सीरीज़ में दिख चुके वरूण ने रोडीज़ पर ही मेंटॉर की तरह अपना नया सफर शुरू किया। खतरों के खिलाड़ी के हर एपिसोड के लिए वरूण सूद को 3.83 लाख रूपये मिल रहे हैं।

7: अभिनव शुक्ला - 4.35 लाख प्रति एपिसोड
एक्टर अभिनव शुक्ला काफी लंबे समय से टीवी इंडस्ट्री का हिस्सा हैं। उन्होंने 2007 में सब टीवी के शो जर्सी नं. 10 के साथ अपने करियर की शुरूआत की थी। इसके बाद वो कलर्स जाने क्या बात हुई में श्वेता तिवारी के अपोज़िट दिखाई दिए थे। इसके बाद अभिनव कई शो में दिखाई दिए लेकिन उन्हें प्यार मिला कलर्स के शो सिलसिला बदलते रिश्तों का में निगेटिव भूमिका निभाकर। अभिनव ने बिग बॉस सीज़न 14 से लाखों फैन्स कमाए। खतरों के खिलाड़ी के हर एपिसोड के लिए अभिनव शुक्ला 4.35 लाख रूपये चार्ज कर रहे हैं।

6: निक्की तंबोली - 4.43 लाख प्रति एपिसोड
निक्की तंबोली को पहचान मिली बिग बॉस के सीज़न 14 के साथ। निक्की तंबोली को इस शो की आधिकारिक ड्रामा क्वीन का खिताब मिला और अपनी बेबाकी और बोल्डनेस से उन्होंने फैन्स के दिल में जगह बनाई। निक्की इससे पहले तेलुगू और तमिल फिल्म इंडस्ट्री से ताल्लुक रखती थीं। उन्होंने बिग बॉस में फाईनल तक जगह बनाई और 2021 में मिलिंद गाबा और टोनी कक्कड़ के म्यूज़िक वीडियो के साथ भी दिल जीत चुकी हैं। निक्की तंबोली हर एपिसोड के लिए 4.43 लाख रूपये चार्ज कर रही हैं।

5: श्वेता तिवारी - 4 लाख प्रति एपिसोड
श्वेता तिवारी टीवी की दुनिया का वो नाम हैं जिसे किसी पहचान की ज़रूरत ही नहीं है। स्टार प्लस के शो कसौटी ज़िंदगी में प्रेरणा के किरदार को सालों तक निभाने के बाद श्वेता तिवारी ने रियलिटी की दुनिया की ओर कदम रखा। एक तरफ जहां उन्होंने सोनी इंटरटेनमेंट के लिए कपिल शर्मा के साथ कॉमेडी सर्कस किया वहीं कलर्स के बिग बॉस सीज़न 4 की विजेता बनकर उभरीं। टीवी पर श्वेता ने दमदार वापसी की थी बेगूसराय में बोल्ड भूमिका के साथ। श्वेता आखिरी बार सोनी टीवी पर वरूण बडोला के साथ मेरे डैड की दुल्हन में दिखाई दी थीं। खतरों के खिलाड़ी के हर एपिसोड के लिए श्वेता तिवारी 4 लाख रूपये चार्ज कर रही हैं।

4: अनुष्का सेन - 5 लाख प्रति एपिसोड
अभिनेत्री अनुष्का सेन को टीवी के फैन्स तब से जानते हैं जब लाईफ ओके के टॉप शो देवों का देव महादेव में वो पार्वती जी के बचपन के अवतार में दिखीं।इसके बाद अनुष्का बाल वीर में छोटी सी महर बनकर आती थीं। इसके बाद ज़ी टीवी के शो झांसी की रानी में वो लक्ष्मीबाई के बचपन के किरदार में दिखाई दीं। 18 साल की अनुष्का, इस शो की सबसे छोटी प्रतिभागी हैं। अनुष्का सेन हर एपसोड के लिए 5 लाख रूपया चार्ज कर रही हैं।

3: अर्जुन बिजलानी - 7 लाख प्रति एपिसोड
अभिनेता अर्जुन बिजलानी टीवी की दुनिया में सब टीवी के शो लेफ्ट राईट लेफ्ट के साथ मशहूर हुए थे। लेकिन वो युवाओं के दिलों की धड़कन बने स्टार वन के शो मिले जब हम तुम में मयंक का किरदार निभा कर। इसके बाद नागिन, परदेस में है मेरा दिल और इश्क में मरजावां के साथ अर्जुन टीवी के टॉप सितारों में से एक बन गए। उनकी पहली फिल्म थी डायरेक्ट इश्क जो 2016 में रिलीज़ हुई थी। अर्जुन खतरों के खिलाड़ी के हर एपिसोड के लिए 7 लाख रूपये ले रहे हैं।

2: दिव्यांका त्रिपाठी - 10 लाख प्रति एपिसोड
दिव्यांका त्रिपाठी को किसी भी पहचान की ज़रूरत नहीं है। ज़ी सिनेस्टार्स की खोज से निकला ये चेहरा ज़ी टीवी के शो बनूं मैं तेरी दुल्हन के साथ घर घर में फेमस हो गया। इसके बाद दिव्यांका ने कॉमेडी ट्राई करते हुए मिस्टर एंड मिसेज़ शर्मा इलाहाबाद वाले में लोगों को हंसाने की कोशिश की। लेकिन दिव्यांका एक बार फिर सबकी चहेती बनीं एकता कपूर के शो ये है मोहब्बतें के साथ। खतरों के खिलाड़ी से दिव्यांका त्रिपाठी अपनी इमेज तोड़ रही हैं और इस शो के हर एपिसोड के लिए वो 10 लाख रूपये की फीस ले रही हैं।

1: राहुल वैद्य - 15 लाख प्रति एपिसोड
राहुल वैद्य खतरों के खिलाड़ी के सबसे महंगे खिलाड़ी हैं। राहुल वैद्य ने पूरे देश का दिल जीता था इंडियन आईडल के पहले सीज़न के साथ। हालांकि, इस शो में राहुल टॉप 3 में अपनी जगह बनाने के बावजूद अमित सना और अभिजीत सावंत से हार गए। लेकिन राहुल, सिंगिंग इंडस्ट्री के सुपरस्टार हैं। कोई भी हाई प्रोफाईल इवेंट उनकी गायकी के बिना पूरा नहीं हो पाता है। बिग बॉस 14 में राहुल वैद्य ने अपना बिल्कुल अलग रूप दर्शकों के दिखाया जिसके बाद उनकी फैन फॉलोइंग में ज़बरदस्त इज़ाफा हो चुका है। खतरों के खिलाड़ी के हर एपिसोड के लिए राहुल वैद्य 15 लाख रूपये चार्ज कर रहे हैं।


Click it and Unblock the Notifications












