पॉपुलर सीरिज 'कहने को हमसफ़र है' के तीसरे सीज़न का आज होगा डिजिटल प्रीमियर
शो की बढ़ती लोकप्रियता देखकर 'कहने को हमसफर है' के निर्माता अब शो की तीसरी किस्त के साथ वापसी कर रहे हैं। फैंस इस सीजन का बेसब्री से इंतज़ार कर रहे हैं। अभिजीत सावंत, प्रतिभा सिंह बघेल और ऐश्वर्या मजुमदार जैसे सिंगर्स द्वारा विशेष डिजिटल म्यूजिकल कॉन्सर्ट से शो को लेकर फैंस में उत्साह और बढ़ चुका है।
लिहाजा, अब नए सीज़न के लिए एक अनोखे डिजिटल प्रीमियर की मेजबानी की जाएगी, जो किसी भी वेब शो के लिए ऐसा पहला अवसर होगा।

इस सीरिज में रोनित रॉय शातिर 'रोहित' का किरदार निभाते हुए नज़र आएंगे। वही मोना सिंह अपने किरदार अनन्या और गुरदीप कोहली अपने किरदार पूनम के साथ हमें एक भावनात्मक सफ़र ले जाने के लिए तैयार हैं। पलक जैन, पूजा बनर्जी और अपूर्वा अग्निहोत्री जैसे कलाकार भी शो में ड्रामा और ग्लैमर का तड़का लगाते हुए दिखाई देंगे।
इस सीज़न के प्रीमियर के लिए कास्ट द्वारा एक अनोखा और कस्टम मेड वीडियो इनविटेशन तैयार किया गया है। इसे लॉकडाउन के दौरान ही बनाया गया है। निर्माताओं ने हर किरदार का अलग वीडियो रिलीज करने के बाद, ट्रेलर और एक डिजिटल म्यूजिकल कॉन्सर्ट के साथ सभी का ध्यान आकर्षित किया है। शो के पहले दो सीज़न बेहद सफल रहे थे और उम्मीद की जा रही है कि तीसरी किस्त शो को एक उच्च स्तर पर ले जाते हुए, दर्शकों के दिलों में अपनी गहरी छाप छोड़ने में सफ़ल रहेगी।
शो की खासियत, इसके डायलॉग, किरदार और परिस्थितियां हैं। 'कहने को हमसफ़र है' 6 जून को दोपहर 12 बजे से ऑल्ट बालाजी और ज़ी5 पर स्ट्रीमिंग के लिए उपलब्ध होगा।


Click it and Unblock the Notifications