करिश्मा के लिए करिश्मा कर गया बिग बॉस
बिग बॉस का घर इसमें आने वाले कईयों की जिंदगी बना चुका है। अब इन लोगों की लिस्ट में करिश्मा कोटक का नाम भी शामिल हो गया है। करिश्मा कोटक ने कहा कि बिग बॉस 6 के घर में जाना उनके लिए लकी रहा क्योंकि शो से बाहर जाते ही उन्हें सलमान खान के साथ एक फिल्म साइन करने का मौका मिला। करिश्मा कोटक ने इस बात पर किसी तरह की टिप्पणी करने से इंकार कर दिया है। करिश्मा भले ही शो की विजेता ना बनीं हों लेकिन इसके बावजूद उनके लिए ये शो बहुत ही लकी साबित हुआ।
बिग बॉस सीजन 6 में करिश्मा कोटक एक प्रतिभागी बनकर आई थीं और शो के अंदर निकेतन के साथ उनकी नजदीकी को काफी लोगों ने चर्चा का विषय भी बनाया जबकि करिश्मा ने कहा कि वो और निकेतन अच्छे दोस्त हैं और कुछ नहीं। ज्ञात हो कि करिश्मा कोटक दक्षिण भारतीय फिल्मों की एक्ट्रेस रह चुकी हैं। और उन्होंने 2007 में रिलीज हुई फिल्म शंकर दादा जिंदाबाद से अपने करियर की शुरुआत की थी। इसके अलावा वो द करिश्मा शो, स्पा डायरीज और इट्ज इन भी होस्ट कर चुकी हैं।

सलमान खान ने बिग बॉस शो के दौरान कई बार करिश्मा की तारीफ भी की थी। शो के दौरान बीच में ही करिश्मा को अपने पिता के निधन के चलते शो से बाहर आ जाना पड़ा था और उसके बाद फिर से उन्हें शो में वापस भेजा गया। लेकिन करिश्मा शो के अंत तक नहीं रह सकीं। सलमान खान के साथ करिश्मा की आने वाली फिल्म का टाइटल होगा राधे और इसे निर्देशित करेंगे सलमान खान के छोटे भाई सोहेल खान। ज्ञात हो कि इससे पहले के सीजन में पॉर्न स्टार सन्नी लियोन को भी शो के दौरान ही महेश भट्ट की फिल्म में काम करने का मौका मिल गया था और आज वो एक सफल बॉलीवुड स्टार हैं।


Click it and Unblock the Notifications











