कल रात ही सिद्धार्थ शुक्ला ने आखिरी बार की थी करण कुंद्रा से बात, साथियों ने शेयर की यादें
बालिका वधू से मशहूर हुए बिग बॉस 13 विनर सिद्धार्थ शुक्ला का गुरूवार सुबह निधन हो गया। उनके अचानक निधन की खबर हर किसी को बस एक भद्दा मज़ाक लगी। लेकिन फिर कूपर अस्पताल में कंफर्म किया गया कि सिद्धार्थ का दिल का दौरा पड़ने के बाद निधन हो गया। सिद्धार्थ के दोस्त इस बात को मानने को तैयार ही नहीं हो पा रहे हैं।
ऐसे ही एक्टर हैं करण कुंद्रा जिन्होंने कल रात ही सिद्धार्थ से या फिर सिद्धार्थ के बारे में किसी से बात की थी। करण ने एक पोस्ट करते हुए लिखा - विश्वास ही नहीं कर पा रहा हूं। कल रात ही ही हमने तुम्हारे बारे में इतनी बातें कीं।

करण कुंद्रा ने इस पोस्ट में लिखा - हमारी बात हुई कि सिद्धार्थ का करियर कितना अच्छा चल रहा है और उसके सपने किस तरह से पूरे हो रहे हैं। हालांकि, करण के इस पोस्ट से साफ नहीं है कि करण ये बातें, सिद्धार्थ से कर रहे थे या फिर उन्होंने सिद्धार्थ के बारे में कल रात ही किसी और से बात की थी।
सिद्धार्थ शुक्ला पिछले कुछ समय से तेज़ी से सफलता की सीढ़ियां चढ़ रहे थे। उनके निधन की खबर सुनकर, बिग बॉस 14 में उनके साथ नोकझोंक में बनी रहने वाली एक्टर रूबीना दिलैक ने भी पोस्ट करते हुए लिखा - मैं सुन्न पड़ गई हूं। रूबीना इससे ज़्यादा कुछ नहीं कह पाईं। इंडस्ट्री में सिद्धार्थ के दोस्तों और को स्टार्स ने भी उन्हें याद किया।

विंदु दारा सिंह का भावुक पोस्ट
विंदु दारा सिंह ने पोस्ट के ज़रिए सिद्धार्थ को याद करते हुए लिखा - कभी नहीं सोचूंगा कि सुबह उठकर ऐसी दिल तोड़ने वाले खबर सुनूंगा। अंदर तक हिल गया हूं। सिद्धार्थ शुक्ला मुझे बहुत प्रभावित करता था। वो मज़ेदार था, इंटेलिजेंट था, बेहतरीन अभिनेता था और शानदार फैन फॉलोइंग रखता था। अगर बिग बॉस का कोई ऐसा सीज़न होता जहां सारे सीज़न के विजेता भाग लेते तो मैं उससे हार जाता। उसे हारा पाना बहुत मुश्किल था। मैं उसे निजी स्तर पर जानता था, एक ऐसा अभिनेता जो हमेशा अपने दिाग की सुनता है और जो कहता है उसे करता है। बिना किसी खेद के। ज़िंदगी खूबसूरत तो है लेकिन ज़िंदगी वाकई बहुत ही ज़्यादा अचानक से चीज़ें करती है। हमें ध्यान रखना चाहिए कि हम हमेशा अपने करीबी लोगों से बात करते रहें, उन्हें बताते रहें कि हम उनसे कितना प्यार करते हैं, ज़िंदगी में रिस्क लें, जो दिल कहता है वो करें, अपनी सेहत का ख्याल रखें, फिट रहें और सबसे ज़्यादा ज़रूरी कभी किसी को ये बताने का मौका मत खो दें कि आप उनसे कितना प्यार करते हैं। क्या पता कल हो ना हो। मेरा दिल सिद्धार्थ के परिवार के लिए दुखी है। मेरे दोस्त, छोटे भाई, साथी सिद्धार्थ तुम बहुत याद आओगे। हमेशा। ईश्वर तुम्हारे परिवार को ये दुख सहने की शक्ति दे। हम तुम्हें अपने दिल में संभाल कर रखेंगे।

साथी अभिनव शुक्ला ने बांटी यादें
एक्टर और बिग बॉस 14 प्रतिभागी, अभिनव शुक्ला ने ग्लैडरैग्स मॉडल हंट की एक तस्वीर शेयर करते हुए सिद्धार्थ को याद किया और लिखा - इंडस्ट्री में हमने एक साथ यहीं से अपना सफर शुरू किया था। ग्लैडरैग्स 2004। हम सबने अपना इंट्रो तैयार किया था। किसी ने किसी बड़ी हस्ती की कहावत चुनी तो किसी ने कुछ। सिद्धार्थ ने अपना इंट्रो यूं दिया था - ज़िंदगी ऐसे जियो कि ये आखिरी बार है क्योंकि एक दिन आप सही हो जाएंगे। हाय, मैं हूं सिद्धार्थ शुक्ला, मुंबई से। अभिनव ने सिद्धार्थ को याद करते हुए लिखा - अच्छा नहीं किया दोस्त। तुम बहुत जल्दी चले गए।

कोयना मित्रा ने मांगी माफी
सिद्धार्थ शुक्ला के साथ बिग बॉस में भाग लेने वाली एक्ट्रेस कोयना मित्रा ने सिद्धार्थ शुक्ला को श्रद्धांजलि देते हुए लिखा - हम केवल 14 दिन के लिए मिले थे। और फिर कभी नहीं मिले। लड़े, झगड़े और कभी बात नहीं की। सिद्धार्थ का जाना मुझे सिखा गया कि ज़िंदगी में सब कुछ माफ कर देना चाहिए। मैं सबको माफ करता हूं और उन सब लोगों से माफी मांगती हूं जिनको मैंने कभी किसी भी तरह का दुख दिया हो।

को स्टार पवित्रा पूनिया
पवित्रा पूनिया ने सिद्धार्थ के साथ एक तस्वीर शेयर करते हुए लिखा - वापस आजा यार। पवित्रा ने अपने टीवी करियर के शुरूआती दिनों में सिद्धार्थ शुक्ला के साथ जब वी मेट के टीवी रीमेक लव यू ज़िंदगी में काम किया था जहां सिद्धार्थ शुक्ला ने शाहिद कपूर और पवित्रा ने करीना कपूर की भूमिका निभाई थी।

शेफाली बग्गा को नहीं हुआ यकीन
सिद्धार्थ की बिग बॉस सह प्रतिभागी शेफाली बग्गा ने भी सिद्धार्थ के साथ कुछ तस्वीरें शेयर करते हुए उन्हें याद किया। शेफाली ने लिखा कि उन्हें यकीन ही नहीं हो रहा है कि ये क्या हो गया।

रवि दुबे ने दी श्रद्धांजलि
रवि दुबे ने भी सिद्धार्थ शुक्ला को श्रद्धांजलि देते हुए लिखा - बेहद चौंकाने वाला और दिल तोड़ने वाली खबर। सुकून में रहो सिद्धार्थ और जहां रहो वहां तुम्हें ढेरों खुशियां मिले। तुम्हारे परिवार को ये दुख सहन करने की शक्ति मिले।

ऋत्विक धंजानी ने की प्रार्थना
एक्टर ऋत्विक धन्जानी ने भी सिद्धार्थ के परिवार के लिए शक्ति और हिम्मत की प्रार्थना की और उनकी आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।

जय भानुषाली ने किया याद
जय भानुशाली ने भी सिद्धार्थ शुक्ला के साथ एक तस्वीर साझा करते हुए लिखा - सिद्धार्थ तुम नज़रों से दूर भले ही चले गए हो लेकिन तुम्हें दिल से दूर कभी नहीं जाने देंगे। जय भानुशाली, खतरों के खिलाड़ी में सिद्धार्थ मल्होत्रा के प्रतिद्विंदी थे।

फिर मिलेंगे दोस्त
खतरों के खिलाड़ी में सिद्धार्थ के साथ नज़र आईं अभिनेत्री ऐश्वर्या सखूजा ने भी सिद्धार्थ के साथ तस्वीर शेयर करते हुए लिखा - मेरे प्यारे सिड, तेरी बातें याद रह गईं। रोज़ मुझसे अपना बैग उठवाने से लेकर मेरा काजल चुराने तक, तुम्हारी हर बात मुझे मुस्कुराने पर मजबूर कर देती थी। तुम हमेशा मेरे चहेते रहोगे। फिर मिलेंगे सिड्डी।


Click it and Unblock the Notifications
