फिर गोलियों की गूंज से दहला Kapil Sharma का कैफे, दूसरी बार हुआ हमला, इस गैंगस्टर ने ली जिम्मेदारी

Kap's Café Surrey shooting: कॉमेडी स्टार कपिल शर्मा एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं, लेकिन इस बार वजह उनका स्टैंडअप शो नहीं, बल्कि कनाडा का उनका नया कैफे है। सरे (Surrey) शहर में मौजूद Kap's Café पर बीते गुरुवार सुबह एक बार फिर गोलीबारी हुई, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। इस घटना ने सिर्फ आम लोगों को नहीं, बल्कि सुरक्षा एजेंसियों को भी चिंता में डाल दिया है, क्योंकि एक महीने के अंदर यह दूसरी फायरिंग की घटना है।
सुबह-सुबह गोलियों की आवाज ने उड़ाई नींद
ये वारदात सुबह करीब 4:30 बजे हुई, जब अज्ञात हमलावरों ने स्कॉट रोड और 85 एवेन्यू पर स्थित कैफे को निशाना बनाकर ताबड़तोड़ फायरिंग की। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, 6 से ज्यादा गोलियां चलीं और कैफे की खिड़कियां चकनाचूर हो गईं। आसपास बिखरे कांच के टुकड़े इस हमले की भयावहता को बयां कर रहे थे।
स्थानीय निवासी बॉब सिंह ने बताया- 'मैं अपने घर की बालकनी में खड़ा था, तभी अचानक गोलियों की आवाज सुनाई दी। कुछ ही देर में पुलिस मौके पर पहुंच गई।' एक और रहवासी मिशेल गौशे ने कहा- 'पहले लगा पटाखे हैं, लेकिन फिर सायरन बजने लगे। तब समझ आया कि कुछ सीरियस हुआ है। जब कैफे के पास पहुंचे तो देखा पूरा एरिया सील कर दिया गया है।'
गैंगस्टर गोल्डी ढिल्लों ने ली जिम्मेदारी
इस बीच, Times of India की रिपोर्ट के मुताबिक, गैंगस्टर गोल्डी ढिल्लों ने इस हमले की जिम्मेदारी फेसबुक पोस्ट के ज़रिए ली है। पोस्ट में लिखा गया- 'जय श्री राम। आज जो कपिल शर्मा के कैप्स कैफे, सरे में गोलीबारी हुई है, उसकी जिम्मेदारी गोल्डी ढिल्लों को लॉरेंस बिश्नोई गैंग देती है। अगली कार्रवाई जल्द ही मुंबई में करेंगे...'
हालांकि, अभी तक इस पोस्ट की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, न ही पुलिस ने कोई आधिकारिक बयान जारी किया है।
पहले भी बना चुके हैं निशाना
गौरतलब है कि इससे पहले भी जुलाई के दूसरे हफ्ते में कपिल शर्मा के कैफे पर फायरिंग हो चुकी है। उस वक्त कैफे नया-नया ही खुला था और कुछ स्टाफ मेंबर अंदर मौजूद थे। गनीमत यह रही कि कोई घायल नहीं हुआ, लेकिन पुलिस आज तक न तो आरोपियों तक पहुंच पाई है और न ही हमले की वजह साफ हो पाई है।
लग्जरी लुक वाला कैफे, अब बना दहशत का केंद्र
कपिल शर्मा ने यह कैफे कुछ वक्त पहले ही शुरू किया था। इसमें शानदार फर्नीचर, आर्टवर्क और एलीगेंट डिजाइन देखने को मिलता है। यह कैफे सरे में एक प्रीमियम स्पॉट बनता जा रहा था, लेकिन दो हमलों के बाद इसकी चर्चा अब कॉफी की खुशबू नहीं, बल्कि गोलियों की गूंज के लिए हो रही है।
वर्कफ्रंट पर भी एक्टिव हैं कपिल शर्मा
जहां एक ओर कपिल अपने बिजनेस को इंटरनेशनल स्तर पर बढ़ाने की कोशिश में लगे हैं, वहीं दूसरी ओर उनका करियर भी रफ्तार पकड़ रहा है। फिलहाल वह नेटफ्लिक्स शो 'द ग्रेट इंडियन कपिल शर्मा शो' में नजर आ रहे हैं। इसके अलावा वे अपनी अगली फिल्म 'किस किस को प्यार करूं 2' की शूटिंग में भी व्यस्त हैं।


Click it and Unblock the Notifications