कमल हासन ने अस्पताल से होस्ट किया बिग बॉस तमिल, दी काम के प्रति लगन और उत्साह की प्रेरणा
भारतीय सिनेमा के इतिहास में कुछ ऐसे दिग्गज कलाकार हुए हैं जो अपने काम से आने वाली पीढ़ियों को लगातार प्रेरित करते हैं। ऐसे ही एक अभिनेता हैं कमल हासन जो तमिल इंडस्ट्री का सबसे बड़ा नाम हैं। हाल ही में कमल हासन ने कुछ ऐसा किया जो किसी भी कलाकार को प्रेरणा देने के लिए काफी है।
ये तो आप जानते ही होंगे कि कमल हासन, बिग बॉस का तमिल वर्जन पिछले पांच सीज़न से होस्ट कर रहे हैं। लेकिन अपने काम के प्रति सीरियसनेस दिखाते हुए कमल हासन ने बिग बॉस तमिल का पिछला एपिसोड अस्पताल से शूट कर फैन्स का दिल जीत लिया।

कमल हासन, हाल ही में यूएस से लौटे थे और टेस्ट में वो कोरोना पॉज़िटिव निकले जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती होना पड़ा। कमल हासन का ईलाज चल रहा है और वो तेज़ी से रिकवर हो रहे हैं लेकिन इस बीच उन्होंने काम करना नहीं छोड़ा और अस्पताल से ही बिग बॉस तमिल की कमान संभाली।

रम्या कृष्णन को सौंपी कमान
कमल हासन के शुभचिंतक इस समय केवल उनके जल्दी स्वस्थ होने की कामना कर सकते हैं। इसलिए भले ही कमल हासन ने ये एपिसोड अस्पताल से होस्ट किया हो लेकिन फिलहाल उन्होंने शो की कमान, रम्या कृष्णनन को सौंप दी है। रम्या कृष्णन की मदद से ही कमल हासन ने अस्पताल से बिग बॉस तमिल का वीकेंड एपिसोड होस्ट किया।

पूरी करेंगी कमल हासन की कमी
अब बाहुबली की राजमाता, यानि कि रम्या कृष्णन, बिग बॉस के तमिल फैन्स को कमल हासन की जगह इंटरटेन करेंगी और बिग बॉस के तमिल प्रतिभागियों को हर वीकेंड पर आईना दिखाएंगी। रम्या कृष्णन ने फिलहाल केवल तात्कालिक रूप से कमल हासन को रिप्लेस किया है और कमल हासन जल्दी ही ठीक होकर अपने काम पर वापस लौटेंगे।

भारतीय टीवी की फेवरिट रियलिटी शो
दिलचस्प है कि बिग बॉस, भारतीय टेलीविजन का सबसे चर्चित और सबसे सफल रियलिटी टीवी शो है जो पहले केवल हिंदी भाषा से शुरू हुआ था। लेकिन धीरे धीरे इस रियलिटी शो की लोकप्रियता को देखते हुए इसे हिंदी के बाद मराठी, तमिल, तेलुगू, मलयालम, कन्नड़ और बंगाली में भी लॉन्च किया गया। जहां हिंदी वर्जन सलमान खान होस्ट करते हैं वहीं बाकी की भाषाओं को भी इंडस्ट्री के सुपरस्टार्स होस्ट करते हैं। जहां बंगाली वर्जन को मिथुन चक्रवर्ती ने होस्ट वहीं बिग बॉस कन्नड़ किच्चा सुदीप होस्ट करते हैं। बिग बॉस तेलुगू नागार्जुन होस्ट करते हैं, बिग बॉस मलयालम मोहनलाल होस्ट करते हैं और मराठी वर्जन महेश मांजरेकर होस्ट करते हैं। कमल हासन, पांच सीज़न से बिग बॉस का तमिल वर्जन होस्ट करते हैं और हर हफ्ते 3.5 करोड़ की फीस लेते हैं।

हिंदी दर्शकों से दूर
कमल हासन काफी समय से अपने हिंदी दर्शकों से दूर हैं। आखिरी बार उनकी फिल्म विश्वरूप का सीक्वल दर्शकों ने 2018 में देखा था और बेहद पसंद किया। फिल्म विश्वरूप से भी कमल हासन ने दर्शकों का दिल जीता था। विश्वरूप और विश्वरूप 2, विश्वरूपम का हिंदी वर्जन था। ये फिल्म सीरीज़ दो भाषाओं में बनी थी।

1960 से कर रहे हैं काम
1954 में जन्मे कमल हासन ने 7 नवंबर को अपना 67वां जन्मदिन मनाया है। कमल हासन, 6 साल की उम्र से फिल्मों में काम कर रहे हैं। उन्होंन 1972 में अपना तमिल इंडस्ट्री में अपना डेब्यू। हिंदी फिल्मों में कमल हासन ने 1977 में आई फिल्म आईना में एक छोटा सा रोल किया था। लेकिन उन्हें पहचान मिली 1981 में आई एक दूजे के लिए और 1983 में आई सदमा के साथ। श्रीदेवी के साथ उनकी फिल्म सदमा, हिंदी सिनेमा के इतिहास की बेस्ट फिल्मों में से एक गिनी जाती है।

40 साल की हुई फिल्म
कमल हासन की पहली चर्चित फिल्म एक दूजे के लिए ने इस साल 40 साल पूरे होने का जश्न मनाया। ये फिल्म हिंदी सिनेमा के इतिहास की पहली 2 स्टेट्स थी। फिल्म में कमल हासन और रति अग्निहोत्री की लव स्टोरी को दर्शकों ने काफी पसंद किया था। उम्मीद है कि वो जल्दी स्वस्थ होकर अपने फैन्स को वापस इंटरटेन करेंगे।


Click it and Unblock the Notifications











