शादी के 15 साल बाद क्यों अलग हो रहे हैं जय और माही? बयान जारी कर कहा- 'ड्रामा नहीं...'
Jay Bhanushali Mahhi Vij separation: टेलीविजन इंडस्ट्री के चर्चित कपल जय भानुशाली और माही विज ने अपने अलग होने का ऐलान किया है। इसके साथ ही उनकी करीब 15 साल लंबी शादी का सफर खत्म हो गया है। रविवार (4 जनवरी) को दोनों ने सोशल मीडिया पर एक जॉइंट स्टेटमेंट जारी कर अपने फैंस को यह जानकारी दी।

जय और माही ने अपने बयान में साफ किया कि उन्होंने जिंदगी के इस पड़ाव पर अलग रास्ते चुनने का फैसला आपसी सहमति से किया है। इस फैसले के पीछे कोई नाराजगी या कड़वाहट नहीं है। उन्होंने तलाक की वजह को साफ करते हुए लिखा कि ड्रामा और अपने मानसिक संतुलन के लिए हमने शांति, समझदारी और इंसानियत का रास्ता चुना है।
बच्चों की जिम्मेदारी को बताया सबसे पहले
कपल ने बताया कि उनके बच्चे उनकी सबसे बड़ी प्रायोरिटी हैं। तारा, खुशी और राजवीर के लिए वे आगे भी जिम्मेदार और प्यार करने वाले माता-पिता बने रहेंगे। भले ही वे अब पति-पत्नी न हों, लेकिन बच्चों की परवरिश मिलकर करेंगे।
अफवाहों पर लगाया विराम
अलगाव की खबरों के बाद उठ रही अटकलों पर रिएक्शन देते हुए जय और माही ने साफ कहा कि इस फैसले में कोई निगेटिविटी नहीं है। उन्होंने लोगों से जल्दबाजी में किसी भी फैसले पर ना पहुंचने की अपील की और कहा कि इस कहानी में कोई दोषी नहीं है।
ड्रामा नहीं, शांति को चुना
दोनों ने यह भी बताया कि उन्होंने किसी भी तरह के विवाद या ड्रामे से दूर रहकर शांति को चुनना बेहतर समझा है। वे एक-दूसरे का सम्मान करते रहेंगे और आगे भी दोस्त बने रहेंगे।
लोगों से की अपील
अपने मैसेज के अंत में जय और माही ने फैंस और आम लोगों से सहानुभूति और समझदारी दिखाने की अपील की। उन्होंने कहा कि वे जिंदगी के एक नए दौर में कदम रख रहे हैं, इसलिए उनकी निजी जिंदगी का सम्मान किया जाए।
साल 2011 में हुई थी शादी
जय भानुशाली और माही विज ने साल 2011 में शादी की थी और वे टीवी के सबसे लोकप्रिय कपल्स में गिने जाते रहे हैं। दोनों तीन बच्चों के माता-पिता हैं- उनकी बेटी तारा और दो फोस्टर बच्चे, राजवीर और खुशी।


Click it and Unblock the Notifications












