'सब' पर देखें नया शो 'जानखिलावन जासूस उर्फ जेजे'
कॉमेडी शो के लिए मशहूर चैनल 'सब टीवी' अब एक नया शो लेकर आ रहै है। यह शो जासूसी है इसके बावजूद 'सब' की कॉमेडी का बघार इस शो में भी लगाया गया है। कॉमेडी की बघार से सजा जासूसी धारावाहिक 'जानखिलावन जासूस' 19 नवंबर से प्रत्येक शुक्रवार रात नौ बजे प्रसारित होगा।
'सब' टीवी के अधिकारियों ने इस खबर को सिरे से खारिज किया है कि यह धारावाहिक हॉलीवुड फिल्म 'पिंक पैंथर' की टीवी प्रस्तुति है। उन्होंने कहा कि दूसरे चैनल विदेशों की कहानियों को भारतीय परिवेश में ढालकर पेश करते हैं। लेकिन चैनल 'सब' अपने निजी फार्मूले बनाकर बेचता है। अधिकारियों के मुताबिक, पिछले दो साल में 'सब टीवी' ने 400 फीसदी की रफ्तार से विकास किया है।
धारावाहिक का प्रमुख जासूस 'जानखिलावन जासूस' उर्फ जेजे यूं तो थोड़ा बेवकूफ है लेकिन किसी तरह भाग्यवश और अपने दो सहयोगियों की मदद से मामले सुलझा ही लेता है। उसकी बेवकूफी भरी हरकतें और किस्मत से मिली सफलता ही धारावाहिक को मनोरंजन से भरपूर बनाती है। जेजे की एक खूबसूरत सहायिका मोनालिसा थोड़ी समझदार है, जबकि दूसरा सहायक चिंग फंग ली मार्शल आर्ट का जानकार होने की वजह से इस टीम में शामिल है।


Click it and Unblock the Notifications












