'अनुपमा' में अनुज कपाड़िया की होगी धमाकेदार वापसी? गौरव खन्ना के बयान से बढ़ा सस्पेंस
Anupamaa Gaurav Khanna return: टीवी का लोकप्रिय शो 'अनुपमा' अपनी कहानी और किरदारों को लेकर लगातार चर्चा में बना रहता है। रुपाली गांगुली की मुख्य भूमिका वाले इस शो में अब तक कई अहम कलाकार नजर आ चुके हैं। इन्हीं में से एक हैं गौरव खन्ना, जिन्होंने अनुज कपाड़िया का किरदार निभाकर दर्शकों के बीच खास पहचान बनाई।

हालांकि, बीते काफी समय से गौरव खन्ना शो का हिस्सा नहीं हैं, लेकिन इसके बावजूद कहानी में अनुज कपाड़िया का जिक्र बार-बार होता रहता है। अनुपमा के संवादों में अनुज का नाम आना फैंस की उम्मीदों को और मजबूत कर देता है। यही वजह है कि सोशल मीडिया पर दर्शक लगातार मेकर्स से अनुज की वापसी की मांग करते दिखाई देते हैं।
क्या खुले हैं वापसी के रास्ते?
हाल ही में इंडिया फोरम को दिए गए एक इंटरव्यू में गौरव खन्ना ने इस सवाल पर खुलकर बात की। उन्होंने संकेत दिया कि शो में उनकी वापसी की संभावना अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुई है। एक्टर के मुताबिक, कहानी में ऐसा मोड़ छोड़ा गया है, जिससे जरूरत पड़ने पर अनुज कपाड़िया की दमदार एंट्री कराई जा सकती है।
'कैरेक्टर अभी खत्म नहीं हुआ है'
गौरव खन्ना ने साफ किया कि शो में उनके किरदार को अब तक खत्म नहीं किया गया है। उन्होंने बताया कि निर्माता राजन शाही ने बहुत समझदारी से अनुज के कैरेक्टर को ओपन रखा है। गौरव ने यह भी कहा कि राजन शाही भविष्य में उनके साथ किसी और प्रोजेक्ट पर काम करना चाहते हैं और इसको लेकर बातचीत भी हो चुकी है, हालांकि फिलहाल किसी चीज की पुष्टि नहीं हुई है।
फैंस के बीच बढ़ी बेचैनी
गौरव खन्ना के इस बयान के बाद दर्शकों के बीच सस्पेंस और बढ़ गया है। कुछ फैंस मान रहे हैं कि अनुज कपाड़िया की वापसी अब सिर्फ समय की बात है, जबकि कुछ इसे मेकर्स की स्ट्रैटेजी बता रहे हैं ताकि शो को लेकर उत्सुकता बनी रहे।
अनुपमा के बाद भी जारी रहा सफलता का सफर
'अनुपमा' से दूरी बनाने के बाद भी गौरव खन्ना का करियर थमा नहीं। उन्होंने सेलिब्रिटी मास्टरशेफ में हिस्सा लिया और विजेता बने। इसके बाद वह बिग बॉस 19 में नजर आए, जहां उन्होंने एक बार फिर ट्रॉफी अपने नाम कर ली।


Click it and Unblock the Notifications











