25 दिन ICU में रहने के बाद Pawandeep Rajan ने जीती जिंदगी की जंग, कई सर्जरी के बाद अस्पताल से लौटे घर

Pawandeep Rajan Health Update: 'इंडियन आइडल सीजन 12' के विजेता और उत्तराखंड सरकार के ब्रांड एंबेसडर पवनदीप राजन अब स्वस्थ होकर अस्पताल से बाहर आ गए हैं। हाल ही में हुए एक रोड एक्सीडेंट के बाद उनका लंबे समय तक इलाज चला और अब वह पूरी तरह से ठीक होकर घर लौट आए हैं।
पवनदीप ने फैंस को कहा शुक्रिया
पवनदीप ने इंस्टाग्राम पर एक तस्वीर शेयर की, जिसमें वे मुस्कुराते हुए नजर आ रहे हैं। उन्होंने लिखा- "अब डिस्चार्ज होकर घर जा रहा हूं। आप सभी के प्यार, दुआओं और सहयोग के लिए धन्यवाद।" इस पोस्ट के बाद देशभर से फैंस ने उन्हें शुभकामनाएं दीं और उनके स्वस्थ होने पर खुशी जताई।
5 मई को हुआ था एक्सीडेंट
पवनदीप राजन का एक्सीडेंट 5 मई की सुबह हुआ था, उस समय पवनदीप, म्यूजिशियन अजय महार और ड्राइवर राहुल सिंह के साथ उत्तराखंड से नोएडा जा रहे थे। रास्ते में उनकी गाड़ी एक खड़े ट्रक से टकरा गई। हादसा अमरोहा जिले के गजरौला थाना क्षेत्र में चौपला चौराहा ओवरब्रिज के पास हुआ। जांच में सामने आया कि ड्राइवर को नींद आने की वजह से यह हादसा हुआ।
तीन से ज्यादा बार हुई सर्जरी
हादसे में पवनदीप को हाथ-पैर में कई जगह गंभीर चोटें आई थीं। पहले उन्हें नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, फिर हालत गंभीर होने पर फोर्टिस अस्पताल, नोएडा में भर्ती कराया गया। वहां उन्हें आईसीयू में रखा गया और करीब 25 दिनों तक इलाज चला। इस दौरान उनकी तीन से ज्यादा सर्जरी की गईं।
पवनदीप का जन्म उत्तराखंड के चंपावत जिले में हुआ था और उनका पूरा परिवार म्यूजिक से जुड़ा हुआ है। उनके पिता सुरेश राजन, मां सरोज राजन, और बहन ज्योतिदीप राजन सभी कुमाऊंनी फॉक म्यूजिक के मशहूर कलाकार हैं।
उनका यह स्वस्थ होकर लौटना उनके लिए ही नहीं, बल्कि लाखों फैंस के लिए भी एक खुशखबरी है।


Click it and Unblock the Notifications











