इंडियन आयडल 2 संदीप आचार्य का निधन, सकते में लोग

संदीप पिछले काफी दिनों से पीलिया से ग्रसित थे, उनका इलाज बीकानेर मे हो रहा था लेकिन हालत में कोई सुधार ना हो पाने की वजह से घरवाले उन्हें लेकर गुंड़गांव के वेदांता अस्पताल आ गये थे जहां संदीप ने रविवार को दम तोड़ दिया।
मालूम हो कि मखमली आवाज के मालिक संदीप आचार्य अप्रैल 2006 में सोनी के हिट शो इंडियन आयडल 2 के विजेता थे। इससे पहले वह 2004 में गोल्डन वायस ऑफ राजस्थान भी रह चुके थे। संदीप की शादी एक साल पहले हुई थी और मात्र 17 दिन पहले ही वह एक प्यारी सी बच्ची के पापा बने थे लेकिन होनी को कुछ और ही मंजूर था जिसके चलते काल ने उन्हें असमय अपने पास बुला लिया।
संदीप आचार्य उन खुशकिस्मत लोगों में से एक थे जिन्हें अमेरिका में पाप गायक माइकल जैक्सन के परिवार के सामने गाने का मौका मिला था। विदेशों में भी संदीप ने 15 से ज्यादा स्टेज शो किये थे। इस असमय संदीप की मौत से हर कोई सकते में है।
सोशलनेटवर्किंग साइट्स में संदीप के चाहने वालों ने उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की है और ऊपर वाले से संदीप के घर वालों के लिए ताकत मांगी है ताकी वह इस मुश्किल घड़ी में इस सदमे से उबर पायें। संगीत के इस होनहार उपासक के निधन से वनइंडिया परिवार भी काफी दुखी है, वह भी संदीप की आत्मा के लिए ऊपरवाले से प्रार्थना करता है।


Click it and Unblock the Notifications