GHKKPM: सई ने दिया सवि को अपना आखिरी मैसेज, जाते-जाते बेटी के लिए कह दी ऐसी बात

Ghum Hai Kisikey Pyaar Meiin Update: टीवी शो 'गुम है किसी के प्यार में' एक नई कहानी के साथ आगे बढ़ रहा है। शो में 20 साल का लीप आ रहा है और विराट और सई की मौत का सीक्वेंस दिखाया जा रहा है। 20 साल के लीप के बाद कहानी सवि और उसकी दुनिया पर आधारित होगी। इस बीच सई का सवि के लिए मैसेज वायरल हो रहा है।
सई ने दिया सवि के लिए मैसेज
'गुम है किसी के प्यार में' अब नई कहानी की शुरुआत होने वाली है, सवि की कहानी की शुरुआत होने वाली है। इस शुरुआत से पहले सई ने सवि को एक मैसेज भेजा है। इस मैसेज में उन्होंने कहा कि- सवि तुम मेरी और विराट की परछाई हो। बहुत बड़े ख्वाब देखे थे हमने तुम्हारे लिए। अगर दोबारा तुमसे मिलने का मौका मिलता, तो मैं तुमसे कहती कि कभी भी जिंदगी में हार मत मानना। अपने सपनों के लिए जो लड़ाई लड़नी पड़े जरूर लड़ना। अपनी आई की तरह मेहनत करना और अपने लक्ष्य की तरफ बढ़ते रहना। एक बात हमेशा याद रखना हौसले से बड़ा कोई भी सपना नहीं होता।
सई को फैंस ने दिया खूब प्यार
इस वीडियो को देखकर सई और विराट के फैंस काफी दुखी हो रहे हैं। इस शो की वजह से आएशा ने काफी नाम कमाया है और फैंस ने लगातार उन्हें खूब प्यार दिया है। उनका इस तरह शो को छोड़कर जाना कई लोगों को भा नहीं रहा है, लेकिन शो का आखिरी सीक्वेंस शूट हो चुका है और जल्द ही शो की नई कहानी भी शुरू होने वाली है।
नए चेहरों की होगी एंट्री
'गुम है किसी के प्यार में' की नई कहानी के साथ शो में नए चेहरों की एंट्री होने वाली है। दर्शक उनकी पहली झलक पाने के लिए बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। अब इस शो का नया प्रोमो आ गया है, जिसमें नई कास्ट की एक झलक दिखा दी गई है। इस शो की नई लीड का हिस्सा होंगे- भाविका शर्मा, सुमित सिंह और शक्ति अरोड़ा।


Click it and Unblock the Notifications











