2011 में छोटे पर्दे पर छाया रहेगा बॉलीवुड

आने वाले कुछ महीनों में टेलीविजन एक रणभूमि बनने जा रहा है। रिएलिटी कार्यक्रमों में नए प्रयोगों होंगे। इमेजिन टीवी के प्रोग्रामिंग-फिक्शन प्रमुख सौरभ तिवारी कहते हैं, "साल 2011 में सुरक्षित होकर खेलना सबसे ज्यादा असुरक्षित बात होगी।"
शाहरुख अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर ख्याति प्राप्त शो 'वाइपआउट' का भारतीय संस्करण 'जोर का झटका' लेकर आ रहे हैं। यही नहीं इस साल इमेजिन टीवी एक नया स्वयंवर 'रतन का रिश्ता' लेकर आ रहा है, जिसमें टीवी अभिनेत्री रतन राजपूत का स्वयंवर होगा।
बॉलीवुड अभिनेता ऋतिक रोशन स्टार प्लस के शो 'डांस ओलम्पिक्स' और मल्लिका शेरावत कलर्स के शो 'चक धूम धूम टीम चैलेंज' से टेलीविजन पर शुरुआत करने जा रहे हैं।
बॉलीवुड सुंदरियों प्रीति जिंटा और लारा दत्ता के सामने भी कलर्स के शो 'गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स, अब इंडिया तोड़ेगा' के प्रस्तुतिकरण का प्रस्ताव है लेकिन अब तक इसमें कोई अंतिम घोषणा नहीं हुई है।
फिल्मी दुनिया के डिस्को डांसर मिथुन चक्रवर्ती जी टीवी के 'डांस इंडिया डांस डबल्स' शो की मेजबानी करेंगे। इसके अलावा पूर्व पुलिस अधिकारी किरण बेदी भी स्टार प्लस पर 'आप की कचहरी' के तीसरे संस्करण के साथ टीवी पर वापसी कर रही हैं।
साल 2011 में महानायक अमिताभ बच्चन सोनी टीवी पर 'कौन बनेगा करोड़पति' का नया संस्करण लेकर आ रहे हैं तो 'मास्टरशैफ इंडिया 2' भी कतार में है। इसके अलावा सोनी टीवी के रिएलिटी शो 'इंडियन आइडल' का छठा संस्करण भी प्रस्तुत होगा।


Click it and Unblock the Notifications











