Elvish Yadav के घर पर सुबह-सुबह ताबड़तोड़ फायरिंग, बाइक सवार बदमाशों ने दागी गोलियां, परिवार का है ये हाल

Elvish Yadav House Firing: यूट्यूबर और बिग बॉस ओटीटी 2 के विनर एल्विश यादव एक बार फिर चर्चा में आ गए हैं। इस बार वजह उनका कोई नया वीडियो या कॉन्ट्रोवर्सी नहीं, बल्कि उनके गुरुग्राम वाले घर पर हुई फायरिंग की वारदात है।
सुबह-सुबह हुआ हमला
जानकारी के मुताबिक, रविवार तड़के करीब 5:30 बजे कुछ अज्ञात बदमाश बाइक से आए और सेक्टर-56 स्थित एल्विश यादव के घर पर फायरिंग कर दी। चश्मदीदों के अनुसार, तीन लोग बाइक पर थे, जिनमें से दो ने गोलियां चलाईं। पुलिस को घटनास्थल से करीब 25 राउंड फाइरिंग के निशान मिले हैं।
घर पर कौन था?
वारदात के समय एल्विश घर पर मौजूद नहीं थे। घर के अंदर केवल उनका केयरटेकर और परिवार के कुछ सदस्य थे। फायरिंग घर की ग्राउंड और पहली मंजिल पर हुई, जबकि एल्विश का परिवार ऊपरी मंजिलों पर था। गनीमत ये रही कि किसी को कोई चोट नहीं आई।
पुलिस की जांच जारी
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। शुरुआती जांच में माना जा रहा है कि ये फायरिंग शायद किसी धमकी या चेतावनी के तौर पर की गई हो। फिलहाल अपराधियों की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और एल्विश की ओर से आधिकारिक शिकायत दर्ज होने का इंतजार कर रही है।
कौन हैं एल्विश यादव?
28 साल के एल्विश यादव असली नाम से सिद्धार्थ यादव, देश के मशहूर यूट्यूबर, कंटेंट क्रिएटर और सिंगर हैं। उन्होंने 2016 में यूट्यूब पर शुरुआत की और कुछ ही सालों में मिलियन सब्सक्राइबर्स हासिल कर लिए। आज उनके चैनल पर 15 मिलियन से ज्यादा सब्सक्राइबर्स हैं। वह अपनी कॉमेडी, रोस्ट वीडियो और हरियाणवी अंदाज के लिए युवाओं के बीच बेहद लोकप्रिय हैं। एल्विश को 2023 में बिग बॉस ओटीटी 2 का विनर बनने के बाद और भी बड़ी पहचान मिली।
विवादों से गहरा नाता
एल्विश की लोकप्रियता जितनी रही है, विवाद भी उतने ही उनके पीछे रहे हैं। पिछले साल उन पर रेव पार्टी और सांप के जहर सप्लाई से जुड़े आरोप लगे थे, जिसके चलते यूपी पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार भी किया था। हालांकि बाद में उन्होंने इन आरोपों को बेबुनियाद बताया। इसके अलावा एक यूट्यूबर सागर ठाकुर उर्फ मैक्सटर्न से हुए झगड़े का मामला भी पुलिस तक पहुंच चुका है।
फैंस में बढ़ी चिंता
इस ताजा फायरिंग की घटना के बाद एल्विश यादव के फैंस सोशल मीडिया पर चिंता जता रहे हैं। हालांकि अब तक एल्विश या उनके परिवार की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।


Click it and Unblock the Notifications