अब 'बॉक्स क्रिकेट लीग' से एकता कपूर लगाएगीं चौके-छक्के
मुंबई। टेलीविजन पर रियलिटी शोज को मिलती लोकप्रियता और सफलता को देखते हुए लगता है टीवी सीरियल्स की मल्लिका एकता कपूर ने भी उस ओर रूख कर लिया है। एकता कपूर धमाका करने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं। वह 'बॉक्स क्रिकेट लीग' (बीसीएल) नाम का एक रियलिटी शो लेकर आ रही हैं। यह सोनी चैनल पर प्रसारित किया जाएगा।

बीसीएल एक स्पोर्ट रियलिटी शो है, जिसमें 150 टेलीविजन स्टार इंडोर बॉक्स क्रिकेट में मुकाबला करते नजर आएंगे और साथ ही यहां होगा एक्टरों का भरपूर ड्रामा। ग्राउंड में तो एक्शन होगा ही, इसके अलावा लॉकर रूम ड्रामा भी होगा। लीग के को-ऑनर सनी अरोड़ा ने कहा, 'रियलिटी टेलीविजन बड़े दौर से गुजरेगा क्योंकि आठ सेलिब्रिटी टीमें बीसीएल में मुकाबला करेंगी।' बहरहाल, इंडिया में क्रिकेट के क्रेज को देखते हुए यही लगता है कि एकता कपूर काफी धमाकेदार पारी खेलने वाली हैं।
इसके अलावा एकता का कहना है कि, 'बीसीएल क्रिकेट, सेलिब्रिटी और ड्रामा का फ्यूजन है। यह अपनी तरह का नया प्रयोग है और हमने इसमें कुछ बदलाव भी किए हैं। हर पुरूष खिलाड़ी के साथ एक फीमेल खिलाड़ी खेलेगी। अब औरतें सिर्फ बैठकर तालियां ही नहीं बजाएंगी बल्कि वे भी हिस्सा लेंगी।' वहीं आप यह सोच सकते हैं कि जब टेलीविजन की अदाकाराएं होगीं मैदान में तो दृश्य कैसा होगा।
इस शो में कई टीवी स्टार्स के साथ-साथ चर्चित क्रिकेटर श्रीसंत भी नजर आएंगे। इससे पहले श्रीसंत डांस रियलिटी शो 'झलक दिखला जा ' में भी नजर आए थे।


Click it and Unblock the Notifications