झलक.. के फाइनल में लॉरेन और दृष्टि?
टीवी की दुनिया के सबसे बड़े डांस रियलिटी शो 'झलक दिखला जा 6' का फाइनल आज रात होने वाला है। शो के ग्रैंड फिनाले में विजेता ट्रॉफी जीतने के लिए चार प्रतियोगियों के बीच टक्कर का मुकाबला होगा। 'झलक दिखला जा 6' के सेमीफाइनल में अभिनेत्री दृष्टि धामी, गायक शान, डांसर लॉरेन और 'इंडियाज गॉट टैलेंट' के विजेता सोनाली और सुमंत के बीच मुकाबला होगा। सभी प्रतियोगी अपने अपने नृत्य निर्देशकों के साथ मंच पर उतरेंगे। जीतने वाले को 50 लाख रुपये भी मिलेंगे।
लेकिन उड़ते-उड़ते खबर आ रही है कि शो का फाइनल टीवी की चहेती अदाकारा दृष्टि धामी और अमेरिकन मॉडल एंड डांसर लॉरेन के बीच में होने वाला है। जबकि वैरी टैलेंटड सोनाली-सुमित और गायक शान की चुनौती फाइनल से पहले समाप्त हो जायेगी। फिलहाल अभी किसी भी बात की अधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है लेकिन झलक दिखला जा.. की ऑफिसियल वेबसाइट से यही क्लू मिल रहा है कि आज का फाइनल दृष्टि और लॉरेन के बीच में होने वाला है।
मालूम हो कि दृष्टि धामी को लोग कलर्स की मधुबाला शो के जरिये जानते हैं। शो की लोकप्रियता ने दृष्टि धामी के झलक के सफर को काफी सपोर्ट किया है। जबकि लॉरेन ने अमेरिकन होते हुए भी भारतीय संस्कृति से ओतप्रोत अपने सारे पर्फार्मेंस दिये हैं। खैर क्या होगा इसको जानने के लिए आज देखना ना भूलें रात नौ बजे कलर्स को ग्रैंड फिनाले झलक दिखला जा सीजन 6।
वैसे आज का शो काफी मस्ती भरा होगा आज शो में रितिक रोशन और प्रियंका चोपड़ा अपनी फिल्म कृष 3 का प्रमोशन करने आयेंगे और जमकर धमाल मचायेंगे। हो सकता है कि आज बतौर जज आपको अभिनेत्री माधुरी शो में ना दिखायी पड़े क्योंकि उनके पिता का शुक्रवार को निधन हो गया था इसलिए आज जज की कुर्सी पर माधुरी की जगह प्रियंका बैठ सकती हैं।
मालूम हो कि शो की शुरुआत 12 मशहूर हस्तियों के साथ हुई थी, जिनमें श्वेता तिवारी, करणवीर बोहरा, सिद्धार्थ शुक्ला, मेघना मलिक, सुरेश बोहरा, एकता कौल, आरती छाबड़िया, कृष्णमाचारी श्रीकांत, दृष्टि धामी, शान, लॉरेन गॉटलिब और 'इंडियाज गॉट टैलेंट' के विजेता सोनाली और सुमंत शामिल थे। बाद में वाइल्ड कार्ड के जरिए अभिनेत्री सना खान, आर जे मंत्रा, अभिनेता करण पटेल और डांसर मुक्ति मोहन भी कार्यक्रम के प्रतियोगियों में शामिल हुए। एक जून से प्रसारित हो रहे इस कार्यक्रम के जज बॉलीवुड अदाकारा माधुरी दीक्षित, फिल्म निर्माता करन जौहर और नृत्य निर्देशक-फिल्म निर्माता रेमो डीसूजा हैं।


Click it and Unblock the Notifications












