Instagram Last Post: सर्वाइकल कैंसर से एक्ट्रेस डॉली की मौत, आखिरी पोस्ट में हाथ जोड़कर कही थी ये बात

Dolly Sohi Last Instagram Post: टेलीविजन शो 'झनक' फेम डॉली सोही के निधन की खबर से इंडस्ट्री के साथ साथ उनके फैंस के बीच शोक की लहर दौड़ गई है। इसके बाद अब डॉली सोही का आखिरी इंस्टाग्राम पोस्ट काफी तेजी से वायरल हो रहा है। उनके पोस्ट को देखकर हर कोई भावुक हो रहा है।
अभिनेत्री ने अपनी बहन अमनदीप सोही के निधन के कुछ समय बाद दुनिया को अलविदा कह दिया है। अमनदीप का लीवर की समस्या के कारण निधन हो गया और कुछ ही मिनटों बाद उनकी बहन और अभिनेत्री डॉली का भी निधन हो गया है। 48 साल की उम्र में डॉली ने आखिरी सांस ली। डॉली सोही सर्वाइकल कैंसर से जंग लड़ रही थीं।
20 फरवरी को डॉली सोही ने पोस्ट किया, "प्रार्थनाएं, दुनिया का सबसे बड़ा वायरलेस कनेक्शन.. चमत्कार की तरह काम करता है। मुझे आपकी प्रार्थनाओं की जरूरत है।"
डॉली सोही और अमनदीप सोही दोनों बहनों के निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट गया है। अभिनेत्रियों की मौत से टीवी इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक डॉली के निधन की खबर साझा कर परिवार ने कहा, हमारी प्यारी डॉली आज सुबह-सुबह अपने स्वर्गीय निवास के लिए रवाना हो गई है। हम उसकी मौत से सदमे में हैं। अंतिम संस्कार आज दोपहर को किया जाएगा।'
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक अभिनेत्री के भाई मनु सोही ने अमनदीप सोही के निधन के बाद बताया था कि उनकी बहन डॉली की हालत फिलहाल गंभीर नहीं है। मगर डॉक्टर्स ने उन्हें अस्पताल में आराम करने को कहा गया है। हालांकि आज गुरुवार, 8 मार्च को सुबह डॉली का भी निधन हो गया है। एक्ट्रेस को पिछले साल 2023 में सर्वाइकल कैंसर का पता चला था।
डॉली सोही ने जनवरी में खुलासा किया था कि सर्वाइकल कैंसर की वजह से उन्हें धारावाहिक 'झनक' की शूटिंग से ब्रेक लेना पड़ा था। डॉली अब तक कई धारावाहिकों का हिस्सा रह चुकी थीं। उन्होंने 'भाभी', 'कलश', 'मेरी आशिकी तुम से ही', 'खूब लड़ी मर्दानी' और 'झाँसी की रानी' जैसे शो में अपने काम से लोगों के बीच पहचान बनाई थी।


Click it and Unblock the Notifications