बच्चे भी आयेंगे बिग बॉस 6 में
जिस बिग बॉस में अभी तक आप शर्लिन चोपड़ा की अर्द्धनग्न अदायें, राखी सावंत की बकबक और डॉली बिंद्रा का झगड़ा देखते थे, उसी बिग बॉस में इस बार बच्चे भी शिरकत करेंगे। जी हां ऐसा होगा बिग बॉस के सीज़न 6 में, जिसे सलमान खान होस्ट करेंगे। जी हां ऐसा करने के बाद बिग बॉस की न केवल छवि सुधर सकेगी बल्कि उसे रात को दिखाने के बजाये प्राइम टाइम पर दिखाया जा सकेगा।
आप सभी को याद होगा कि अपने किसी भी सत्र में बिग बॉस ने अश्लीलता परोसने में कोई कसर भी नहीं छोड़ी। अगर पीआर गुरु डेल भगवागर की मानें तो इस बार ऐसा नहीं होगा। उनके मुताबिक बिग बॉस में इस बार कुछ सेलीब्रिटी बच्चों को लाने की प्लानिंग है। यदि ऐसा हुआ तो गाली-गलौज और अश्लील शब्द पूरी तरह बंद हो जायेंगे। इसका एक और फायदा यह मिलेगा कि प्राइम टाइम में इसे दिखाया जा सकेगा।

वैसे बिग बॉस ने यह निर्णय अपने पिछले सत्र के घाटे को पूरा करने के लिये लिया है। खबर है कि बच्चों को लाने से शो की टीआरपी अच्छी रहेगी। हालांकि अभी तक बिग बॉस मेकिंग टीम की तरफ से अधिकारिक रूप से यह स्पष्ट नहीं किया गया है।
ज्ञात हो कि पिछले सत्र में सलमान खान और संजय दत्त द्वारा होस्ट किये जाने के बाद भी बिग बॉस टीआरपी नहीं बटोर सका था। रही बात बिग बॉस के अट्रैक्शन्स की तो उनमें राखी सावंत, विंदू दारा सिंह, संभावना सेठ, कश्मीरा शाह, अमर उपाध्याय, वीना मलिक, शर्लिन चोपड़ा, पूजा मिश्रा और डॉली बिंद्रा प्रमुख रहे हैं।
कुल मिलाकर देखा जाये तो बच्चों को शामिल करना भी बिग बॉस के लिये किसी जुए से कम नहीं है, क्योंकि ऐसा करने से बिग बॉस के दर्शकों में से वो लोग कट सकते हैं, जिन्हें अश्लील संवाद और गालीगलौज पसंद है।


Click it and Unblock the Notifications











