एकता कपूर की ऑल्ट बालाजी समेत 7 ओटीटी प्लेटफॉर्म पर केस दर्ज- अश्लीलता फैलाने का आरोप
एकता कपूर के ऑल्ट बालाजी समेत 7 ओटीटी प्लेटफॉर्म्स पर अश्लीलता फैलाने का आरोप है। अश्लील कंटेंट टेलीकास्ट करने के आरोप में इन सभी प्लेटफॉर्म्स और दो पोर्न वेबसाइट के खिलाफ महाराष्ट्र साइबर डिपार्टमेंट ने एफआईआर दर्ज की है। इस मामले में प्रोडक्शन हाउस, निर्माता, निर्देशक, अभिनेता और क्रू मेंबर्स को भी आरोपी बनाया गया है।
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार, इसमें Chikooflix, Kukoo, Primeflix, Flizmovies/ Neoflix/ Feneo, Hotshots Digital जैसे प्लेटफॉर्म्स का नाम भी शामिल है। रिपोर्ट में कहा गया कि इन प्लेटफॉर्म्स और वेब पोर्टल्स को किसी भी अधिकारिक एजेंसी द्वारा एडल्ट कंटेंट प्रसारित करने की अनुमति नहीं दी गई है।

इस मामले में आईपीसी की धारा 292 के साथ आईटी एक्ट की धारा 67, 67 (ए) और महिलाओं की गलत छवि पेश करने के आरोप में संबंधित कानून की धारा 3, 4 के तहत एफआईआर दर्ज की गई है।
गौरतलब है कि पिछले दिनों मुंबई से सटे पालघर इलाके में एक शख्स द्वारा महिलाओं को नौकरी का झांसा देकर उनके साथ शारीरिक संबंध बनाने और फिर उनका अश्लील वीडियो बनाकर राष्ट्रीय, अंतर्राष्ट्रीय पोर्न साइट पर बेचने का मामला सामने आया था।
एक अधिकारी के मुताबिक, ओटीटी प्लेटफार्म और विभिन्न वेबसाइट्स पर अपलोड की गई सामग्री बेहद अश्लील है। इसके प्रसारण के लिए संबंधित एजेंसियों द्वारा किसी तरह का सर्टिफिकेट भी नहीं लिया गया है। मोबाइल के जरिए बड़ी आसानी से लोग इस तरह की अश्लील सामग्री तक पहुंच रहे हैं। जिससे युवाओं पर इसके घातक परिणाम हो सकते हैं। इसीलिए वेबसाइट्स के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है।


Click it and Unblock the Notifications