बर्थडे गर्ल हिना खान की तस्वीरें - टीवी की अक्षरा बहू से बिंदास बिकीनी बेब तक, 12 सालों में इतना बदला अंदाज़
हिना खान, 2 अक्टूबर को अपना 34वां जन्मदिन मना रही हैं। कश्मीर में जन्मीं हिना खान, श्रीनगर में पली बढ़ीं। इसके बाद वो पढ़ाई के लिए दिल्ली आईं और यहीं से उनके करियर की शुरआत हुई है। हिना खान ने राजन शाही के शो ये रिश्ता क्या कहलाता है के साथ अपना करियर शुरू किया। इस सीरियल से वो सबसे प्यारी बेटी और फिर सबसे प्यारी बहू अक्षरा बनकर फैन्स का दिल जीत ले गईं।
सालों तक ये सीरियल करने के बाद, हिना खान ने इससे विदा ली और उन्होंने अपने करियर का रूख बदला। टीवी पर उन्होंने रियलिटी शो किए तो दूसरी तरफ उन्होंने अपनी ऑन स्क्रीन ही नहीं, ऑफ स्क्रीन छवि भी बदली कसौटी ज़िंदगी की सीरियल के कोमोलिका के निगेटिव किरदार के साथ।

हिना ने 2009 में गुड़गांव के एक कॉलेज से अपना MBA किया और वो एक जर्नलिस्ट बनना चाहती थीं। पढ़ाई पूरी करने के बाद हिना खान मुंबई आ गई थीं और एयर होस्टेस का कोर्स करने वाली थीं। लेकिन उनकी तबीयत खराब हो गई और वो ट्रेनिंग पूरी नहीं कर पाईं।

यूं शुरू हुआ सफर
हिना खान एक दिन यूं ही अपनी दोस्तों के साथ एक ऑडीशन देने गईं जो स्टार प्लस के एक शो के लिए था। हिना को एक्टिंग नहीं करनी थीं वो बस शौक के लिए यहां गई थीं। लेकिन अगले ही दिन उनके पास कॉल आया कि वो सेलेक्ट हो गई हैं और इस शो की मुख्य किरदार हैं। हिना ने ये ऑफर स्वीकार कर लिया और इसके बाद उनका करियर ऐतिहासिक रहा है। टीवी की अक्षरा बहू ने जब अपनी छवि तोड़ कर बिकीनी बेब का रूप अपनाया तो हर कोई हैरान रह गया।

इंडस्ट्री में पूरे हो चुके हैं 12 साल
हिना खान ने इंडस्ट्री में अपने करियर के 12 सफल साल पूरे कर लिए हैं और इस मौके पर हिना खान ने अपने करियर पर दिल खोलकर बात की। एक इंटरव्यू में हिना ने बताया कि उन्होंने इतने साल इस इंडस्ट्री में जिस तरह बिताए हैं, उन्हें उस पर गर्व है। हिना ने बताया कि अपने करियर में उन्होंने कभी भी रिस्क लेना नहीं छोड़ा।

लेती गईं सही फैसले
हिना का कहना है कि टीवी हो या फिर डिजिटल माध्यम, हिना ने हमेशा कुछ नया करने की कोशिश की और उसमें सफल हों या असफल, लेकिन मेहनत करना नहीं छोड़ी। हिना का कहना है कि टीवी के रेड कार्पेट पर चलने से लेकर, एक इंटरनेशनल फिल्म के लिए बेस्ट एक्ट्रेस का अवार्ड जीतने तक, हिना को अपने इस सफल करियर पर नाज़ हैं और वो ऊपरवाले की शुक्रगुज़ार हैं कि उनका हर फैसला सही साबित हुआ।

आलोचनाओं से नहीं पड़ा फर्क
कान्स फिल्म फेस्टिवल में जब हिना खान रेड कार्पेट पर चलीं तो कुछ लोगों ने उनके कपड़ों और क्लास का मज़ाक उड़ाया। इस पर हिना खान ने सभी को खुलकर बिना डरे जवाब दिया और उनका साथ दिया था खुद प्रियंका चोपड़ा ने। हिना के फैन्स ने भी दिल खोलकर उनकी तारीफ की थी। हिना कहती हैं कि वो इस इंडस्ट्री में टिकने आई हैं और कम से कम 15 साल और यहां पर राज करना चाहती हैं। इस काम में दर्शक और फैन्स ही उनकी मदद करेंगे।

करियर में कुछ नया करने की ललक
ये रिश्ता क्या कहलाता है में हिना खान एक जवान बेटी और बेटे की मां के रोल में दिखीं। शिवांगी जोशी और रोहन मेहरा सीरियल में उनकी बेटी और बेटे के रोल में थे। 8 सालों तक ये रिश्ता क्या कहलाता है में काम करने के बाद, करियर में कुछ नया करने के लिए हिना खान ने शो से अलविदा कह दिया। हालांकि, शो को छोड़ने के बाद उन्हें unprofessional का टैग दे दिया गया था।

फिटनेस की दीवानी हिना खान
हिना खान की नई शुरूआत हुई खतरों के खिलाड़ी के साथ जहां वो बिल्कुल ही अलग और नए अंदाज़ में नज़र आईं। इस सीरियल में उनके स्टंट्स की तारीफ हर किसी ने की। धीरे धीरे हिना खान को इंस्टाग्राम पर भी तगड़ी फैन फॉलोइंग मिली। उनके फिटनेस से भरे अवतार वाले वीडियो फैन्स को बेहद पसंद आए।

बिग बॉस के घर से टीवी की कोमोलिका तक
इसके बाद हिना खान ने बिग बॉस में एंट्री लेकर सबको चौंका दिया। इस रियलिटी शो के साथ लोगों ने उनका कभी निगेटिव, कभी पॉज़िटिव लेकिन हमेशा दर्शकों को पसंद आने वाली अंदाज़ देखा। बिग बॉस से हिना खान को सीधे एंट्री मिली एकता कपूर के शो कसौटी ज़िंदगी में। कसौटी ज़िंदगी की में हिना खान कोमोलिका के रोल में नज़र आ रही हैं।

टीवी की अगली नागिन
इसके बाद हिना खान, टीवी की अगली नागिन बनकर दर्शकों के सामने आईं। एकता कपूर की इस सुपरहिट सीरीज़ में हिना खान मुख्य भूमिका में दिखाई दीं। साथ ही हिना ने फिल्मों में भी अपना सफर शुरू किया। वहीं हिना खान कई शॉर्ट फिल्मों में भी नज़र आईं। उनकी फिल्म LINES के लिए हाल ही में उन्हें अवार्ड भी मिला है।

करियर में हुआ रंगभेद
हिना खान ने LINES में एक कश्मीरी लड़की की भूमिका निभाई है। उन्होंने एक इंटरव्यू में बताया कि कई बार ऐसा होता था कि वो कश्मीरी लड़की के रोल के लिए ऑडीशन करने जाती थीं लेकिन उनके सांवले रंग की वजह से उन्हें रिजेक्ट कर दिया जाता था।

साउथ फिल्मों में एंट्री
12 साल के अपने इस करियर में हिना खान ने टीवी से फिल्मों तक का सफर तो तय किया है वहीं अवार्ड शो की रेड कार्पेट से लेकर कान्स फिल्म फेस्टिवल की रेड कार्पेट तक का सफर भी तय कर चुकी हैं। अब खबर है कि हिना खान जल्दी ही साउथ की फिल्मों में अपना डेब्यू करने जा रही हैं और उनके पहले हीरो होंगे प्रभास।


Click it and Unblock the Notifications