बिग बॉस ओटीटी: कोरियोग्राफर निशांत भट्ट पर शमिता शेट्टी ने लगाए गंभीर आरोप, की थी लाईन क्रॉस करने की कोशिश?
बिग बॉस ओटीटी, वूट पर 24 घंटा लाईव रहता है। ज़ाहिर सी बात है हर वक्त इस शो पर कोई ना कोई नया खुलासा होगा और किसी ना किसी बात का मुद्दा बनेगा। अब नया खुलासा किया है शमिता शेट्टी ने। शमिता, अपनी बेस्ट फ्रेंड दिव्या अग्रवाल से बात करती दिखाई दे रही थीं और बातों बातों में उन्होंने सह प्रतिभागी निशांत भट्ट के बारे में एक खुलासा किया।
दिव्या से बात करते हुए शमिता ने बताया कि निशांत कुछ सालों पहले, उनके साथ लाईन क्रॉस करने की कोशिश कर चुके हैं जिसके बाद शमिता को निशांत को उनकी बद्तमीज़ी के लिए टोकना पड़ा था। शमिता ने बताया कि ऐसा एक शो के दौरान हुआ था।

शमिता, निशांत को अपने एक और कोरियोग्राफर दोस्त के ज़रिए जानती हैं। एक शो की तैयारी के दौरान, निशांत शमिता को डांस स्टेप्स की रिहर्सल करवा रहे थे और इस दौरान उन्होंने अपनी सीमा पार करने की कोशिश की जिसके बाद शमिता ने तुरंत निशांत को इस बारे में आगाह किया कि आप अपनी सीमा में रहें।
हालांकि, शमिता ने खुलकर ये नहीं बताया कि निशांत ने उनके साथ क्या बद्तमीज़ी की। शमिता, दिव्या से आगे कहते दिखीं, कि यहां पर भी निशांत उनके साथ दोस्ती बनाने की कोशिश कर रहे हैं लेकिन वो उन पर ध्यान नहीं देना चाहती हैं।

पहले दिन से हो रही है आलोचना
शमिता शेट्टी को बिग बॉस के मंच पर देखकर लोग चौंक गए थे। मंच पर आते ही शमिता का कहना था कि मेरे आस पास बहुत कुछ चल रहा है और मैं यहां आना नहीं चाहती थी लेकिन मैं बिग बॉस में भाग लेने का कमिटमेंट कर चुकी थी और एक बार जो मैंने कमिटमेंट कर दी, फिर मैं अपने आप की भी नहीं सुनती। करण जौहर ने भी शमिता शेट्टी के इस फैसले का सम्मान करते हुए उनका हौसला बढ़ाया।

घर की पहली सदस्य
दिलचस्प है कि बिग बॉस के घर में एंट्री लेने वाली पहली सदस्य, शमिता शेट्टी बनीं। जब करण जौहर ने उन्हें इस बार के शो का नियम समझाते हुए बताया कि ग्रांड फिनाले में वो बिना पार्टनर के आगे नहीं बढ़ सकतीं तो शमिता ने राकेश बापट और करण नाथ के बीच टक्कर करवाई और फिर राकेश बापट को शो के लिए अपना पार्टनर चुना।

स्टेज पर ही हुआ पहला पंगा
स्टेज पर ही शमिता शेट्टी की बहस, प्रतिभागी प्रतीक सहजपाल से हो गई। शमिता ने आते ही कहा कि प्रतीक ने उन्हें कोरियन Vibe दिया क्योंकि वो कोरियन फिल्में और शो बहुत देखती हैं। लेकिन प्रतीक ने शमिता की इस बात को दिल पर ले लिया और पूछा कि क्या आपको मैं कोरियन दिखता हूं। इतना ही नहीं, जब शमिता ने अपने पार्टनर के तौर पर प्रतीक को नहीं चुना तो प्रतीक का कहना था कि शमिता झूठी हैं और उन्होंने प्रतीक की झूठी तारीफें कीं।

घर के अंदर भी झगड़ा
घर के अंदर भी शमिता शेट्टी का गुस्सा प्रतीक सहजपाल पर फूटा। हालांकि, शमिता ने बाकी प्रतिभागियों से भी सुना कि किस तरह, प्रतीक ज़बरदस्ती सबसे पंगे ले रहे थे। शमिता सबको बताती दिखीं कि प्रतीक ने उनके साथ कितनी बद्तमीज़ी से बात की।

आते ही चुनी हुकूमत
घर में एंट्री लेते ही शमिता शेट्टी ने हुकूमत का रास्ता चुनते हुए किचन पर कब्ज़ा किया। इसके साथ ही वो सबके लिए खाना बनाती और किचन साफ करती दिखाई दीं। शमिता ने बाकी लोगों में ड्यूटी बांटने का काम भी किया। उन्होंने बर्तन धोने से लेकर सब्ज़ियां काटने तक की ड्यूटी बाकी लोगों में बांटी।

मिले पुराने साथी
शमिता को शो में पुराने साथी भी मिल गए हैं। उन्हें खतरों के खिलाड़ी की सहभागी रिद्धिमा पंडित मिल गईं जिनके साथ शमिता की दोस्ती अच्छी जम रही है। इसके अलावा, शमिता शेट्टी ने राकेश बापट और नेहा भसीन से भी अच्छी ट्यूनिंग जमा ली है।

बना रही हैं नए दोस्त
पुराने दोस्तों के अलावा, शमिता शेट्टी को दिव्या अग्रवाल में अपनी बेस्ट फ्रेंड मिल चुकी है और सीज़न की शुरूआत देखते हुए तो ऐसा ही लग रहा है कि शमिता और दिव्या इस सीज़न की दोस्तों की जोड़ी होने वाली है और दोनों रिद्धिमा के साथ मिलकर इस सीज़न की क्वीन बनने वाली हैं।

काम आ रहा है पुराना अनुभव
शमिता शेट्टी इससे पहले भी बिग बॉस का हिस्सा रह चुकी हैं और उनका पुराना अनुभव इस बार उनके काम आ रहा है। जहां पिछली बार वो घर में शांत रहती थीं, इस बार वो आगे आकर चीज़ें करती दिखाई दे रही हैं। इतना ही नहीं, वो घर को बहुत ही कुशल तरीके से चला भी रही हैं। पिछली बार शमिता शेट्टी को बिग बॉस छोड़कर जाना पड़ा था क्योंकि उनकी बहन शिल्पा शेट्टी की शादी हो रही थी।

निशांत करते हैं बेहद सम्मान
हालांकि, एक बातचीत के दौरान, निशांत भट्ट भी शमिता शेट्टी के बारे में मिलिंद गाबा से बात करते दिखे और उन्होंने बताया कि शमिता बहुत ही सुलझी हुई और शानदार इंसान हैं। उनका स्तर बहुत ही ऊंचा है और वो उस स्तर को बनाए रखना जानती हैं।

खुलासे से चौंके लोग
निशांत भट्ट के बारे में शमिता शेट्टी का इतना बड़ा खुलासा सुनकर लोग थोड़ा चौंक गए हैं क्योंकि पहले ही टास्क के दौरान, शमिता शेट्टी, निशांत के साथ काफी सहज नज़र आई थीं और दोनों मस्ती करते हुए डांस करते भी दिखाई दिए थे। ऐसे में फैन्स का मानना है कि अगर शमिता पुरानी बातों को भूल चुकी हैं तो इस तरह नेशनल टीवी पर वापस ये मुद्दा उठाने की क्या ज़रूरत थी।


Click it and Unblock the Notifications











