बिग बॉस ओटीटी की पहली प्रतिभागी नेहा कक्कड़ नहीं भसीन, रिलीज़ हुआ प्रोमो - गाते हुए ली एंट्री
बिग बॉस ओटीटी का जब से एलान हुआ है तब से इसके प्रतिभागियों पर चर्चा चल रही है और अब इस शो का पहला नाम कंफर्म हो चुका है। ये नाम कंफर्म किया है खुद वूट ने। केवल नाम ही नहीं, वूट पर बिग बॉस ओटीटी की पहली प्रतिभागी का प्रोमो लाईव हो चुका है और ए कोई और नहीं बल्कि मशहूर सिंगर नेहा भसीन हैं।
इस प्रोमो में नेहा भसीन ने खुद बाजरे दा सिट्टा गाते हुए एंट्री ली और आखिरकार फैन्स को साफ हो चुका है कि बिग बॉस के घर में एंट्री लेने वाली पहली सदस्य नेहा भसीन हैं, कक्कड़ नहीं। दरअसल, गपशप गली में केवल नेहा नाम की खबरें उड़ने के बाद माना जा रहा था कि सिंगर नेहा कक्कड़ अपने भाई टोनी कक्कड़ के साथ बिग बॉस ओटीटी का हिस्सा बनेंगी।

बहरहाल, अब नेहा भसीने के प्रोमो के साथ ही ये साफ हो चुका है कि 8 अगस्त से नेहा इस शो में हिस्सा लेंगी और इसे अपने सुरों और कंट्रोवर्सी दोनों के ही साथ काफी दिलचस्प बनाने वाली हैं। गौरतलब है कि सिंगिंग के अलावा नेहा एक एक्टर भी रह चुकी हैं वहीं उन्होंने श्यामक डावर से डांस की शिक्षा भी ली है।

अनु मलिक पर लगाए मीटू के आरोप
कुछ सालों पहले ही जब बॉलीवुड में मीटू मूवमेंट की शुरूआत हुई तो नेहा भसीन ने भी हिम्मत कर अनु मलिक के खिलाफ आवाज़ उठाई थी। नेहा ने अपने सोशल मीडिया के ज़रिए बताया था कि जब वो केवल 21 साल की थीं तब अनु मलिक ने उनका शोषण करने की कोशिश की थी। नेहा भसीन ने अपने पोस्ट में अनु मलिक को (pervert) 'ठरकी' कह कर संबोधित किया था।

अपना काम दिखाने पहुंची थीं नेहा
नेहा ने अपने इस पोस्ट में बताया था कि वो अनु मलिक को अपने काम की एक सी़डी देने पहुंची थीं जिससे कि अनु मलिक, नेहा के गाने सुन पाएं और उन्हें किसी अच्छे गाने का मौका दे सकें। लेकिन अनु मलिक सोफे पर लेट कर नेहा से अजीब बातें करने लगे जिसके बाद नेहा बहाना बनाकर स्टूडियो से भाग गईं। इसके बाद अनु मलिक ने उन्हें कई फोन और मेसेज किए लेकिन नेहा ने उनको कोई जवाब नहीं दिया।

पहली रियलिटी स्टार
जिन्हें याद ना हो उन्हें बता दें कि नेहा भसीन देश के पहले सिंगिंग रियलिटी शो की स्टार थीं। ये शो, चैनल वी पर प्रसारित किया गया था जिसके विजेताओं ने मिलकर देश का पहला गर्ल बैंड VIVA बनाया था। इस बैंड का गाना हम नए गीत सुनाए काफी ज़्यादा पॉपुलर हुआ था।

लुक्स से किया हैरान
नेहा भसीन ने बॉलीवुड में मेरे ब्रदर की दुलहन के गाने धुनकी से रातों रात सफलता पाई थी। हालांकि उन्होंने पहला गाना गाया था सोहेल खान की फिल्म आर्यन के लिए। इसके बाद फैशन का गाना कुछ खास है भी लोगों को काफी पसंद आया था। नेहा भसीन एक पर्सनैलिटी कोच भी है और उन्होंने रियल टीवी के शो सितारों को छूना है में प्रतिभागियों को groom भी किया था।

2016 में की शादी
नेहा भसीन ने 2016 में अपने दोस्त समीर उद्दीन से शादी कर ली। गौरतलब है कि समीर उद्दीन भी एक म्यूज़िक कंपोज़र हैं जिन्होंने कई बड़ी फिल्मों में बैकग्राउंड स्कोर दिया है और ढेरों अवार्ड्स भी जीते हैं। बात करें नेहा के अवार्ड्स की तो सुलतान में जग घुमेया गाकर नेहा ने सभी का दिल और अवार्ड्स जीते थे।

पंजाबी म्यूज़िक का जाना माना चेहरा
नेहा भसीन, पंजीब म्यूज़िक इंडस्ट्री का जाना माना चेहरा हैं। उनका म्यूज़िक वीडियो नई जाना, हर शादी के फंक्शन की जान रहता है। इस गाने के यूट्यूब पर 10 मिलियन से भी ज़्यादा व्यूज़ हैं। अब देखना है कि बिग बॉस ओटीटी पर नेहा अपनी फैन फॉलोइंग को कितना आगे लेकर जाती हैं।
गौरतलब है कि बिग बॉस 15 के अक्टूबर में टीवी पर प्रीमियर होने से पहले बिग बॉस ओटीटी को छह हफ्तों के लिए ऑनलाइन वूट पर दिखाया जाएगा और इसे करण जौहर होस्ट करेंगे। ये शो 8 अगस्त से लाईव होने जा रहा है और दिलचस्प ये है कि वूट पर ये शो 24 घंटा लाईव रहेगा। इस शो में आखिरी तक जगह बनाने वाले प्रतिभागी, बिग बॉस 15 का हिस्सा होंगे।


Click it and Unblock the Notifications











