Elvish Yadav के केस में आया नया अपडेट, रातों-रात जेल में बदल दी गई बिग बॉस OTT 2 विनर की जगह

Elvish Yadav Case Update: बीते कुछ दिनों में अचानक हुई एल्विश यादव की गिरफ्तारी ने लोगों को हैरान करके रख दिया है और लगातार इस केस को लेकर नए-नए अपडेट सामने आ रहे हैं। हाल ही में बताया गया है कि जेल में एल्विश यादव की जगह बदल दी गई है।
बिग बॉस ओटीटी 2 विजेता और यूट्यूबर एल्विश यादव को एक क्वारंटाइन सेल से हाई सिक्योरिटी बैरक में ट्रांसफर कर दिया गया है। नोएडा पुलिस ने 17 मार्च को एल्विश को गिरफ्तार किया और सांप के जहर मामले में 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया। पिछले साल नोएडा पुलिस ने सेक्टर 39 में FIR दर्ज की थी और पूछताछ के लिए बुलाया गया था।
न्यायिक हिरासत के दौरान एल्विश से पूछताछ की जा रही है और उन्होंने कथित तौर पर गायक फाजिलपुरिया के नाम का जिक्र किया है। एक रिपोर्ट के अनुसार, एल्विश ने यह भी स्वीकार किया कि वह राहुल (सपेरे) सहित सभी गिरफ्तार आरोपियों से अलग-अलग रेव पार्टियों में मिले थे और उनसे परिचित थे।
एल्विश यादव पर नोएडा पुलिस ने 29 एनडीपीएस एक्ट लगाया है। यह एक्ट तब लगाया जाता है जब कोई व्यक्ति नशीली दवाओं से संबंधित साजिश जैसे नशीली दवाओं की खरीद-फरोख्त में शामिल होता है। इस अधिनियम के तहत दर्ज आरोपियों को आसानी से जमानत नहीं मिलती है।
पिछले साल पीपल फॉर एनिमल्स (पीएफए) संगठन की शिकायत के आधार पर नोएडा पुलिस ने सेक्टर 51 स्थित एक बैंक्वेट हॉल पर छापा मारा था और पांच लोगों को गिरफ्तार किया था। पीएफए ने अपनी FIR में एल्विश का नाम लिया और उन पर रेव पार्टियों का आयोजन करने का आरोप लगाया, जिसमें वे विदेशियों को आमंत्रित करते हैं और जहरीले सांपों की व्यवस्था करते हैं।
बता दें कि छापेमारी के दौरान नौ जहरीले सांप बरामद किए गए। पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत सांप के जहर वाले ग्लैंड्स निकालना एक दंडनीय अपराध है और दोषी को सात साल की जेल हो सकती है। आपको बता दें, एल्विश यादव गुरुग्राम के एक लोकप्रिय यूट्यूबर हैं। बिग बॉस ओटीटी 2 जीतने के अलावा वह अपने म्यूजिक वीडियो के लिए भी जाने जाते हैं और युवाओं के बीच काफी लोकप्रिय हैं। बैड गाइ, सिस्टम, राव साहब, हम तो दीवाने, मीटर खेंच के और बोलेरो उनके कुछ लोकप्रिय म्यूजिक वीडियो हैं।


Click it and Unblock the Notifications