Bigg Boss एक्स कंटेस्टेंट महक चहल की हालत गंभीर, आईसीयू में भर्ती, कहा- सांस नहीं ले पा रही थी

Mahek Chahal hospitalised in the ICU: 'नागिन' फेम बिग बॉस की एक्स कंटेस्टेंट महक चहल की हालत काफी गंभीर थी जिसके चलते उन्हें मुंबई के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वो पिछले 8 दिनों से अस्पताल में हैं। अभिनेत्री को आईसीयू में वेंटिलेटर पर रखा गया था। उन्हें फेफड़ों से जुड़ी परेशानी हुई जिसके बाद उन्हें हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया।
मीडिया से बातचीत के दौरान अभिनेत्री ने अपनी हेल्थ अपडेट दी है, जिसके अनुसार फिलहाल उनकी तबीयत में पहले से काफी सुधार है, लेकिन अभी उन्हें अस्पताल में ही डॉक्टर की निगरानी में रखा जाएगा।
अपनी तबीयत के बारे में बात करते हुए महक चहल ने कहा- "मुझे निमोनिया हो गया था जिसके चलते मैं 3-4 दिन आईसीयू में रही। मुझे ऑक्सीजन वेंटिलेटर पर रखा गया था। मैं 2 जनवरी को अचानक गिर गयी थी, मैं सांस नहीं ले पा रहा थी। फिर मुझे अस्पताल ले जाया गया और डॉक्टरों ने मुझे तुरंत भर्ती कर लिया। मैंने सीटी स्कैन करवाया है। 8 दिन हो गए हैं और मैं अभी भी अस्पताल में हूं। हालांकि अब मैं जनरल वार्ड में हूं। मेरी सेहत में काफी सुधार हुआ है लेकिन सांस लेने में अभी भी कुछ दिक्कत है।"
इसके अलावा महक ने बताया कि तब वह काफी डरी हुई थीं। उन्होंने कहा, "मैं अपनी जिंदगी में कभी उस मोड़ पर नहीं आई थी जहां मैं सांस नहीं ले पाऊं। मुझे हर बार खांसी होने पर दर्द हो रहा था। लेकिन मैंने सोचा था कि सब ठीक हो जाएगा।"
महक ने आगे बताया कि वह आराम करना चाहती थीं इसलिए किसी से संपर्क नहीं किया। पहले मुझे लग रहा था कि मुझे नॉर्मल जुकाम हो गया है। मुझे नहीं पता था कि सर्दी-खांसी इतनी गंभीर हो सकती है।
बता दें कि महक सलमान खान के रियलिटी शो 'बिग बॉस' के 5वें सीजन का भी हिस्सा रह चुकी हैं। इसके अलावा उन्होंने बॉलीवुड और साउथ की कई फिल्मों में काम किया है।


Click it and Unblock the Notifications












