करिश्मा रोती रहीं पर रेने ने कहा मुझे बाल नहीं रंगवाने!
ये बिग बॉस का घर है यहां पर इंसानों में भगवान भी नज़र आ सकते हैं और शैतान भी। ये तो सच है कि साथ रहते रहते लोग एक दूसरे के करीब आ जाते हैं लेकिन वहीं कुछ लोग पूरा सीजन अकेले ही रहते हैं क्योंकि उनका स्वभाव ही कुछ ऐसा होता है। रेने के साथ भी कुछ ऐसा है। हालांकि वाइल्ड कार्ड एंट्री होने के चलते रेने का एक निगेटिव प्वाइंट था कि उन्हें काफी कम समय मिला घरवालों के साथ बिताने का।

लेकिन करीब तीन हफ्ते बिताने के बाद भी रेने घरवालों से काफी अलग हैं। साथ ही इस हफ्ते घर से बाहर होने के लिए वो नॉमिनेटेड भी हैं। इस वजह से रेने सभी से काफी नाराज हैं। और इसका गुस्सा उन्होंने बिग बॉस द्वारा दिये गये एप्स टास्क में निकाला और बैटरी चार्ज करने के लिए टास्क करने से मना कर दिया। करिश्मा को मौका मिला कि वो अपनी मां से मिल सकती हैं लेकिन रेने की वजह से वो नहीं मिल सकीं।
घरवालों के गले लगकर करिश्मा फूट फूटकर रोयीं लेकिन रेने ने अपना स्टैंड लिया और बाल रंगवाने से मना कर दिया। हालांकि घरवालों ने रेने को समझाने की बहुत कोशिश की लेकिन उन्होंने नहीं सुनी। रेने ने कहा कि उनकी भी मां का ऑपरेशन होना था और जिस दिन ऑपरेशन होना था उसी दिन उनके पिता हॉस्पिटल में भर्ती हो गये। उन्हें नहीं पता कि उनके माता-पिता कैसे हैं तो जब उनकी भावनाओं को कोई नहीं समझ रहा तो भला वो क्यों समझें।
करिश्मा पहले तो काफी रोयीं लेकिन बाद में उन्होंने रेने से कहा कि वो खुद के साथ जबरदस्ती ना करें। अगर वो टास्क करना चाहती हैं तो करें वरना ना करें। लेकिन करिश्मा को इस बात का बहुत दुख हुआ कि वो घर में ही मौजूद अपनी मां से नहीं मिल सकीं।


Click it and Unblock the Notifications