बिग बॉस 15 लॉन्च इवेंट में हुआ फाईनल 5 प्रतिभागियों के नाम का एलान, देखिए नए घर की First Pics
बिग बॉस 15 का प्रीमियर होने से पहले, इस रियलिटी शो को 23 सितंबर को आधिकारिक रूप से मीडिया के सामने लॉन्च किया गया। इस लॉन्च को होस्ट किया बिग बॉस सीज़न 13 की प्रतिभागी देवोलीना भट्टाचार्जी और आरती सिंह ने। देवोलीना और आरती ने मीडिया के साथ इस साल की थीम जंगल पर बने कुछ टास्क भी किए।
ये टास्क मीडिया ने दो हिस्सों में किए जिनमें आरती की टीम और देवोलीना की टीम शामिल थी। इसके बाद शाम में इस लॉन्च का हिस्सा बने शो के होस्ट सलमान खान। सलमान खान इस समय अपनी फिल्म टाईगर 3 की शूटिंग कर रहे हैं। वो वीडियो कॉल के ज़रिए इस लॉन्च से जुड़े।

इस लॉन्च में इवेंट में कई चीज़ों का खुलासा हुआ जिनमें से सबसे अहम था शो के प्रतिभागियों के नाम। देवोलीना और आरती ने दर्शकों को उत्सुकता को थोड़ा शांत करते हुए शो के पांच कंफर्म नाम अनाउंस किए जो कि बिग बॉस 15 में धमाल मचाने आने वाले हैं। वहीं बिग बॉस 15 के घर की तस्वीरें भी वायरल हो रही हैं।

आसिम रियाज़ के भाई उमर
इस सीज़न में भाग लेने जा रहे हैं आसिम रियाज़ के भाई उमर रियाज़। उमर रियाज़ बिग बॉस सीज़न 13 में आसिम को सपोर्ट करने घर में आए थे। इस दौरान दर्शकों ने उन्हें काफी पसंद किया था। अब इस सीज़न में उमर अपना पूरा व्यक्तित्व दिखाने आ रहे हैं। उमर का क्वारंटीन टाईम भी शुरू हो चुका है।

घर का स्विमिंग पूल
वहीं बिग बॉस 15 के घर की तस्वीरें भी शेयर की जा चुकी हैं। ये है इस बार घर का स्विमिंग पूल एरिया। इस एरिया में अक्सर ही प्रतिभागी मस्ती करते दिख जाते हैं। वहीं बिग बॉस 14 में अर्शी खान को विकास गुप्ता ने गुस्से में पूल में धक्का तक दे दिया था। तो बिग बॉस के पिछले सीज़न में पवित्रा पूनिया में पूल में सिद्धार्थ शुक्ला का दिल जीतने के टास्क में बेहतरीन डांस परफॉर्मेंस दिया था।

डोनल बिष्ट लेंगी भाग
बिग बॉस सीज़न 15 की दूसरी प्रतिभागी हैं डोनल बिष्ट। डोनल, कलर्स के टीवी सीरियल रूप: मर्द का नया स्वरूप का हिस्सा रह चुकी हैं। उन्होंने लॉन्च में मीडिया से बात करते हुए कहा कि लोग हमेशा से असली डोनल को जानना चाहते थे तो अब वो वक्त आ गया है कि मैं लोगों को अपने असले व्यक्तित्व से मिलवाऊं।

गॉसिप सेशन
घर का एक और एरिया है ये टेंपो/बसनुमा आकार का सोफा। अब यहां बैठकर कितना गॉसिप होगा और किस किस के बारे में चर्चा होगी ये तो 2 अक्टूबर से पता चल ही जाएगा। जंगल थीम के इस सीज़न में दर्शकों को कई सरप्राइज़ मिलने वाले हैं।

तीसरी प्रतिभागी शमिता शेट्टी
बिग बॉस ओटीटी की फाईनलिस्ट और सेकंड रनर अप शमिता शेट्टी भी घर में हिस्सा लेने आ रही हैं। इससे पहले, शमिता शेट्टी बिग बॉस सीज़न 9 का हिस्सा रह चुकी हैं लेकिन वो सीज़न उन्होंने बीच में ही छोड़ दिया था क्योंकि उनकी बहन शिल्पा शेट्टी की शादी की तारीख फाईनल हो गई थी। शमिता ने शिल्पा की शादी में हिस्सा लेने के लिए बिग बॉस के घर से विदा ले लिया था।

हरियाली से भरा पूरा घर
चूंकि इस बार बिग बॉस का थीम जंगल है इसलिए घर भी हरियाली से भरा पूरा दिख रहा है। लेकिन प्रतिभागी इस घर को कितना साफ रखते हैं ये तो आने वाला वक्त ही बताएगा। बिग बॉस के एक सीज़न में सलमान खान खुद घर में घुसकर घर की सफाई कर चुके हैं।

चौथे प्रतिभागी निशांत भट्ट
बिग बॉस सीज़न 15 के अगले कंफर्म प्रतिभागी हैं बिग बॉस ओटीटी के पहले रनर अप निशांत भट्ट। निशांत भट्ट ने अपने इंटरटेनमेंट से बिग बॉस ओटीटी के दर्शकों का दिल जीत लिया। पेशे से कोरियोग्राफर निशांत भट्ट अब अपनी एक अलग पहचान बना चुके हैं और दर्शकों की डिमांड पर निशांत वापस बिग बॉस 15 के घर में एंट्री लेंगे।

मुख्य द्वार
ये है घर के मुख्य द्वार के ठीक सामने, घर के अंदर प्रवेश करने का हिस्सा। रात में वॉक लेते हुए अक्सर प्रतिभागी इस हिस्से में प्लानिंग और प्लॉटिंग करते नज़र आते हैं। देखना है कि इस बार घर के इस हिस्से में क्या चटपटी खिचड़ी पकती है।

पहला नाम
बिग बॉस ओटीटी से बिग बॉस 15 का टिकट लेकर बाहर हुए प्रतीक सहजपाल पहले से ही घर के पहले प्रतिभागी अनाउंस किए जा चुके हैं। प्रतीक के अलावा इस घर में उनके पुराने घर के साथी निशांत और शमिता भी होंगे। वहीं बिग बॉस ओटीटी की विजेता दिव्या अग्रवाल से अभी भी घर में एंट्री लेने पर बातचीत जारी है लेकिन अभी तक दिव्या ने इस शो को हां नहीं कहा है।

बाकी के संभावित नाम
इसके अलावा, घर में एंट्री लेंगे मशहूर टीवी एक्टर और रोडीज़ के जज करण कुंद्रा, सलमान खान की फिल्म भारत के गाने एत्थे आ से मशहूर हुईं सिंगर अक्सा सिंह, कलर्स के टीवी सीरियल की एक्ट्रेस और खतरों के खिलाड़ी से सबका दिल जीतने वाली प्रतिभागी तेजस्वी प्रकाश, पंजाबी सिंगर अफसाना खान और कलर्स के सीरियल शक्ति के एक्टर सिंबा नागपाल।


Click it and Unblock the Notifications











