बिग बॉस 4' से बाहर आईं सारा खान
टेलीविजन कलाकार सारा खान ने कभी नहीं सोचा था कि जब वह रिएलिटी शो 'बिग बॉस 4' से बाहर आएंगी तो वह एक विवाहित महिला होंगी। सारा, अली मर्चेट के साथ अपने विवाह से खुश तो हैं लेकिन वह कहती हैं कि विवाद ने उनका उत्साह कम कर दिया है। सारा ने यह भी कहा है कि शो में उनका विवाह टीआरपी बढ़ाने का खेल नहीं था।
हाल ही में 'बिग बॉस' के घर से बाहर आईं सारा ने मुम्बई से फोन पर कहा, "मैं अब भी इस तथ्य को स्वीकार करने के लिए जद्दोजहद कर रही हूं कि अब मैं एक विवाहित लड़की हूं। मैं अच्छा और खुशहाल महसूस कर रही हूं लेकिन जब मुझे मेरे विवाह पर हुए विवाद का पता चला तो मुझे आश्चर्य हुआ। यह बहुत परेशान करने वाली बात है।"
सारा और अली पिछले तीन साल से एक-दूसरे के साथ समय बिता रहे हैं। उनका विवाह उस समय विवादों में घिर गया जब सारा के माता-पिता ने दावा किया कि दोनों की दो साल पहले ही शादी हो चुकी थी। 'सपना बाबुल का. बिदाई' शो के साधना के किरदार से मशहूर हुईं सारा इस विवाद की गहराई में जाने के बाद ही इस सम्बंध में कोई टिप्पणी करेंगी। वैसे वह अपने पति के घर जाने से पहले इसके लिए अपने माता-पिता की स्वीकृति लेने की योजना बना रही हैं।


Click it and Unblock the Notifications











