Bade Acche Lagte Hain 2: नकुल मेहता - दिशा परमार के शो में 20 साल का लीप, राम - प्रिया की जोड़ी हुई बाहर

Bade Acche Lagte Hain 2: सोनी टीवी का शो बड़े अच्छे लगते हैं 2 [Bade Acche Lagte Hain 2] काफी समय से दर्शकों को इंटरटेन कर रहा है लेकिन अब ये शो 20 साल का लीप लेने जा रहा है। 20 साल का लीप लेने के बाद शो की पूरी कहानी, राम और प्रिया की बेटी पीहू पर फोकस करेगी। और यही कारण है कि रिपोर्ट्स का कहना है कि शो के लीड पेयर नकुल मेहता और दिशा परमार ये शो छोड़ने जा रहे हैं।
दिशा परमार और नकुल मेहता, 20 साल की बेटी के माता पिता का किरदार निभाने के लिए तैयार नहीं हैं और इसलिए उन्होंने ये शो छोड़ने का फैसला किया है। हालांकि, इस बात की अभी तक किसी ने पुष्टि नहीं की है और नकुल - दिशा के शो छोड़ने की खबर पर फैन्स कैसे रिएक्ट करेंगे ये भी नहीं बताया जा सकता है।
बड़े अच्छे लगते हैं 2, इसी नाम के सीरियल का दूसरा सीज़न है। पहले सीज़न में राम और प्रिया का किरदार निभाया था राम कपूर और साक्षी तंवर ने और उनकी बदौलत ये सीरियल सुपरहिट हो गया था। दूसरे सीज़न में भी नकुल और दिशा ने इस सीरियल को सुपरहिट बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी है।

लीप के पहले ट्विस्ट
शो में फिलहाल बड़ा ट्विस्ट आ चुका है जहां राम अपनी याद्दाश्त खो चुका है और उसका ख्याल रखने के लिए प्रिया, उसकी PA बनकर उसके आसपास रहेगी। इस ट्विस्ट के लिए दिशा परमार का पूरा लुक भी बदल दिया गया है और दर्शकों को ये काफी पसंद भी आ रहा है। लेकिन माना जा रहा है कि शो में लीप दिखाना अब ज़रूरी हो चुका है क्योंकि कहानी में कुछ ऐसा बचा नहीं है जो मनोरंजन कर पाए।

नकुल और दिशा की जोड़ी
गौरतलब है कि नकुल और दिशा की जोड़ी आज से नहीं बल्कि 12 साल पहले से सुपरहिट है। दोनों ने साथ में प्यार का दर्द है मीठा मीठा प्यारा प्यारा नाम का शो किया था जो स्टार प्लस पर प्रसारित होता था। 2012 से 2014 तक प्यार का दर्द है मीठा मीठा प्यारा प्यारा के 663 एपिसोड्स प्रसारित हुए। इस दौरान, आदित्य और पंखुड़ी की जोड़ी, फैन्स की फेवरिट जोड़ी बन गई। दोनों को साथ में इतना पसंद किया गया कि इस सीरियल के सीक्वल की भी डिमांड होने लगी थी।

युवाओं के फेवरिट कपल
इस सीरियल में दोनों एक बेमेल और बेमन की शादी के बावजूद एक दूसरे के दोस्त बन जाते हैं और फिर इस दोस्ती के प्यार में बदलने की शुरूआत होती है । उनकी केमिस्ट्री को दर्शकों को बहुत पसंद आई थी। बड़े अच्छे लगते हैं की कहानी भी कुछ ऐसे ही शुरू होती है जहां राम और प्रिया, मजबूरी में एक दूसरे का साथ शादी के बंधन में बंधते हैं लेकिन फिर उन्हें प्यार हो जाता है। इस सीरियल के साथ नकुल और दिशा ने युवाओं को अपना फैन बनाया था।

निजी ज़िंदगी में भी बदलाव
नकुल मेहता और दिशा परमार, इसके बाद कई अलग अलग सीरियल में दिखाई दिए। जहां नकुल मेहता, स्टार प्लस पर ही इश्कबाज़ में शिवाय सिंह ओबेरॉय के किरदार में दिल जीतते दिखाई दिए वहीं दिशा परमार भी ज़ी टीवी के सीरियल वो अपना सा में सुदीप साहिर को रोमांस करती दिखाई दीं। इस बीच नकुल मेहता और दिशा परमार, निजी ज़िंदगी में भी आगे बढ़े। नकुल मेहता ने अपनी दोस्त और गर्लफ्रेंड जानकी मेहता से शादी की तो दिशा परमार, हाल ही में सिंगिंग सुपरस्टार राहुल वैद्य से शादी के बंधन में बंध चुकी हैं।

दिव्यांका को किया रिप्लेस
जब बड़े अच्छे लगते हैं की कास्टिंग शुरू हुई तो सबसे पहले इस सीरियल के लिए दिव्यांका त्रिपाठी को अप्रोच किया गया। दिव्यांका ने ये ऑफर रिजेक्ट कर दिया था लेकिन सीरियल की टीम चाहती थी कि दिव्यांका इस ऑफर के बारे में सोचें। हालांकि दिव्यांका का परिवार भी इस सीरियल के पक्ष में नहीं था। दिव्यांका को लगा कि वो स्क्रीन पर नकुल के साथ उम्र में नकुल से काफी बड़ी लग रही हैं। स्क्रीन टेस्ट देने के बाद दिव्यांका को यकीन हो गया कि उनकी और नकुल की जोड़ी फैन्स को हिट नहीं कर पाएगी और उन्होंने ये ऑफर छोड़ दिया।

लीप के बाद फैन्स करेंगे मिस
अगर शो के लीप लेने की खबर सच है और दिशा और नकुल के शो छोड़ने की खबर में भी सच्चाई है तो ये तय है कि दिशा और नकुल की जोड़ी को फैन्स काफी ज़्यादा मिस करने वाले हैं। बड़े अच्छे लगते हैं 2 दर्शकों के फेवरिट शो में से एक है और हो सकता है कि जल्दी ही नकुल और दिशा के फैन्स, उनके शो छोड़ने के खिलाफ अपने रिएक्शन भी दें।


Click it and Unblock the Notifications











