Anupam Kher ने दिया Diljit Dosanjh को ताना, कहा- 'मैं इतना महान नहीं कि कला के लिए बहन का सिंदूर उजड़ते देखूं'

Anupam Kher On Diljit Dosanjh: नामचीन पंजाबी सिंगर और एक्टर दिलजीत दोसांझ इन दिनों पाकिस्तानी एक्ट्रेस हानिया आमिर के साथ अपनी फिल्म 'सरदार जी 3' को लेकर विवादों में हैं। जिसे उस समय रिलीज किया गया, जब भारत पाकिस्तान के रिश्ते काफी नाजुक मोड़ पर हैं। अब इस मामले में अनुपम खेर ने अपनी राय दी है।
'मैं ऐसा नहीं करता'
एनडीटीवी से बातचीत में, अनुपम खेर ने साफ कहा कि दिलजीत को अपने फैसलों की आजादी है, लेकिन उन्होंने यह भी जोड़ा कि अगर वो दिलजीत की जगह होते, तो शायद ऐसा कदम नहीं उठाते। उन्होंने कहा- "दिलजीत का यह एक मौलिक अधिकार है कि वह किसके साथ काम करें और उन्हें अपने इस अधिकार का इस्तेमाल करने की पूरी आजादी है। लेकिन जहां तक मेरी बात है, शायद मैं ऐसा नहीं करता।"
'मैं इतना महान नहीं हूं'
अनुपम खेर ने भारत और पाकिस्तान के रिश्तों को समझाने के लिए एक दिलचस्प तुलना की। उन्होंने कहा- "अगर मेरे पड़ोसी ने मेरे पिता को थप्पड़ मारा हो और वो बहुत अच्छा गायक या तबला वादक भी हो, तो भी मैं उसे अपने घर बुलाकर परफॉर्म करने के लिए नहीं कह सकता। मैं इतना महान नहीं हूं।"
'मेरी बहन का सिंदूर उजाड़ने वाले के साथ मैं काम नहीं करूंगा'
उन्होंने आगे कहा- "मैं पलटकर उस पर हमला नहीं करूंगा, लेकिन मैं उसे यह हक भी नहीं दूंगा कि वह मेरे घर आकर परफॉर्म करे। जैसे मैं अपने घर में कुछ सीमाएं तय करता हूं, वैसे ही मैं अपने देश के लिए भी वही सीमाएं मानता हूं। मैं इतना बड़ा दिल नहीं रख सकता कि किसी कला के नाम पर अपनी बहन का सिंदूर उजड़ते हुए देखूं। लेकिन जो ऐसा कर सकते हैं, उन्हें पूरी आजादी है।"
क्या है मामला
गौरतलब है कि 'सरदार जी 3' में दिलजीत दोसांझ और हानिया आमिर एक साथ नजर आ रहे हैं। यह फिल्म 27 जून को विदेशों में रिलीज हुई, लेकिन भारत में इसे रिलीज नहीं किया गया। फिल्म की रिलीज ऐसे समय में हुई जब पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत-पाकिस्तान के रिश्तों में फिर से तनाव बढ़ गया है। इसी वजह से सोशल मीडिया पर दिलजीत को जमकर ट्रोल किया जा रहा है।


Click it and Unblock the Notifications











