Ankita Lokhande ने शेयर किया मिसिंग पोस्ट, कहा- 'वो हमारे परिवार का हिस्सा...', दर्ज कराई FIR

Ankita Lokhande House help daughter missing: टीवी एक्ट्रेस अंकिता लोखंडे सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहती हैं। वो आए दिन कुछ ना कुछ पोस्ट करती रहती हैं। लेकिन हाल ही में उन्होंने अपने सोशल मीडिया पर कुछ ऐसा पोस्ट किया है, जिसे देखकर लोग हैरान हो रहे हैं।ष
अंकिता लोखंडे ने सोशल मीडिया पर एक बेहद चिंताजनक पोस्ट शेयर की है। उन्होंने बताया कि उनकी हाउस हेल्पर कांता की बेटी सलोनी और उसकी दोस्त नेहा 31 जुलाई 2025 को सुबह 10 बजे से गायब हैं। दोनों को आखिरी बार मुंबई के वकोला इलाके में देखा गया था।
इस मामले में मालवणी पुलिस स्टेशन में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है, लेकिन अब तक दोनों लड़कियों का कोई सुराग नहीं मिला है। अंकिता ने इंस्टाग्राम पर सलोनी और नेहा की तस्वीरों के साथ FIR की कॉपी भी पोस्ट की है। उन्होंने लिखा, "ये सिर्फ घर की नहीं, हमारे परिवार की बेटियां हैं। कृपया इन्हें ढूंढ़ने में मदद करें।"
अंकिता की अपील
अंकिता ने मुंबई पुलिस, महाराष्ट्र सरकार और आम लोगों से अपील की है कि इस जानकारी को ज्यादा से ज्यादा शेयर करें ताकि दोनों लड़कियां जल्द और सुरक्षित अपने घर लौट सकें। उन्होंने लिखा कि अगर किसी ने इन दोनों को कहीं देखा है या उनके बारे में कोई भी जानकारी है, तो नजदीकी पुलिस स्टेशन में तुरंत संपर्क करें।
ट्रेन में देखे जाने का दावा
इस पोस्ट के वायरल होने के बाद, एक सोशल मीडिया यूजर ने कमेंट में बताया कि उसने सलोनी जैसी दिखने वाली एक लड़की को रात 9:10 बजे वसई से चर्चगेट की लोकल ट्रेन में देखा था। यह जानकारी जांच के लिए अहम मानी जा रही है।
सोशल मीडिया पर दुआओं का दौर
अंकिता की पोस्ट को लेकर सोशल मीडिया पर बड़ी संख्या में लोग चिंता जाहिर कर रहे हैं। फैंस और फॉलोअर्स दोनों ही लड़कियों की सलामती के लिए दुआ कर रहे हैं और पोस्ट को शेयर कर रहे हैं ताकि मदद मिल सके।
वर्कफ्रंट पर क्या कर रही हैं अंकिता?
अगर प्रोफेशनल लाइफ की बात करें, तो अंकिता लोखंडे हाल ही में अपने पति विक्की जैन के साथ रियलिटी शो 'लाफ्टर शेफ सीजन 2' में नजर आई थीं। अभी वे फिक्शन टीवी से ब्रेक पर हैं, लेकिन उनके चाहने वाले उन्हें जल्द किसी वेब सीरीज, फिल्म या टीवी शो में देखने का इंतजार कर रहे हैं।


Click it and Unblock the Notifications











