Bigg Boss 18 में जाने पर बुरी तरह ट्रोल हुए अनिरुद्धाचार्य महाराज, सफाई में बोले- बुरी जगह...

Aniruddhacharya Bigg Boss 18: कथावाचक अनिरुद्धाचार्य को सलमान खान के विवादित रियलिटी शो बिग बॉस 18 के प्रीमियर नाइट पर देखा गया था। शो में जाने पर उनको अब लोग खूब ट्रोल कर रहे हैं। साथ ही उनके कुछ पुराने वीडियो भी वायरल हो रहे हैं जिनमें वह कहते हुए नजर आए कि उनको बिग बॉस का ऑफर आया था और उन्होंने इसको ठुकरा दिया।
लेकिन अब अनिरुद्धाचार्य का एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें उन्होंने बिग बॉस में जाने के पीछे की वजह बताई। वीडियो में वह बताते हुए नजर आ रहे हैं कि जब उन्होंने 3 महीने के लिए शो में रहने से मना कर दिया तो मेकर्स का कहना था कि वह कुछ घंटे के लिए आएं। अब खुद अनिरुद्धाचार्य ने ट्रोलिंग को लेकर अपनी सफाई दे दी है।
कथा का यह वीडियो वायरल हो रहा है और इसमें अनिरुद्धाचार्य को कहते हुए सुना जा सकता है कि "लोग अफवाह फैला रहे हैं कि मैं बिग बॉस में गया था। लेकिन जो भी बिग बॉस में जाता है उनको 3 महीने के लिए घर के अंदर रहना पड़ता है। लेकिन मैं तो यहां बैठकर आपको कथा सुन रहा हूं।"
अनिरुद्धाचार्य ने आगे कहा कि "जब मैंने साफ बिग बॉस का हिस्सा बनने से मना कर दिया था तो उनकी टीम ने कहा कि महाराज जी एक काम करो, शो में जो भी 18 लोग अतिथि बनकर आ रहे हैं आप उनका आशीर्वाद देने के लिए आ जाओ। तो अब आप बताओ कि मुझे अतिथि बनकर जाना 2 घंटे के लिए सही था या फिर गलत था।"
गुरुजी ने आगे बात करते हुए यह भी कहा कि "मैं अतिथि बनकर क्यों गया, इसका भी एक कारण था। जरा यह बताओ कि संत को अच्छी ही जगह पर जाना चाहिए या फिर बुरी जगह पर जाकर भी लोगों को सही राह दिखाने की कोशिश करनी चाहिए।"
हालांकि अब अनिरुद्धाचार्य के इस बयान पर काफी सारे लोग तो खूब मजाक बनाते हुए भी नजर आ रहे हैं तो वही अभी भी लोग उनको ट्रोल कर रहे हैं। एक यूजर लिखता है कि महाराज जी शो में 3 महीने के लिए जाते सबको सुधार कर आते। तो वहीं कुछ का कहना है कि उन्होंने जो भी किया वह सही किया।


Click it and Unblock the Notifications