टीवी हो या फिल्में..अमिताभ हर जगह हिट जानें क्या है उनकी प्रेरणा
अमिताभ बच्चन एक ऐसे सितारे हैं जिन्होंने छोटे परदे से लेकर सिल्वर स्क्रीन तक पर सफलता पाई है। वो आज भी अपने दम पर फिल्मों को बॉक्स ऑफिस पर टिकाए रख सकते हैं। टीवी पर भी आने वाले कौन बनेगा करोड़पति शो आज भी दर्शकों में हिट है। लेकिन सफलता के साथ ही असफलता भी बच्चन साहब की जिंदगी में रही है। युद्ध की बात करें तो इस टीवी सीरीज को लोगों ने पसंद नहीं किया लेकिन अमिताभ इस बात से दुखी नहीं हैं।
अमिताभ बच्चन ने अपनी फिल्म शमिताभ के प्रमोशन के दौरान मीडिया से बात की तो उनसे उनकी प्रेरणा के बारे में पूछने पर अमित जी ने कहा "मुझे बस मौका मिलता रहता है और उन्हें मैं स्वीकार करता रहता हूं। सौभाग्यवश लोग भी मुझे देखना चाहते हैं। कोई ऐसी खास वजह नहीं है। प्रेरणा कुछ नहीं होता काम करने का मन और इच्छा होनी चाहिए और बस मेरे पास अभिनय के अलावा और कुछ है नहीं तो इसी में रमा रहता हूं।"
"खुद को काफी भाग्यवान समझता हूं कि आज भी मुझे काम मिल रहा है और नये नये कलाकारों के साथ काम करने का मौका मिल रहा है। यंग जेनरेशन के साथ काम करके मैं काफी प्रेरित होता हूं। युद्ध टीवी सीरीज़ की असफलता के बारे में बात करते हुए अमिताभ बच्चन ने कहा "सिर्फ अभिनय से काम नहीं चलता, लोगों को कहानी भी पसंद आनी चाहिए। मैं जल्द ही एक नये धारावाहिक से वापसी करुंगा और आशा करता हूं कि लोगों को इस बार निराशा नहीं होगी।"


Click it and Unblock the Notifications












