अमेज़न प्राइम वीडियो ने की जाकिर खान स्टारर कॉमेडी सीरीज ‘चाचा विधायक हैं हमारे’ सीज़न 2 की घोषणा
अमेज़न प्राइम वीडियो ने भारत के सबसे पसंदीदा कॉमेडियन जाकिर खान की मुख्य भूमिका वाली कॉमेडी सीरीज 'चाचा विधायक हैं हमारे' के बहु-प्रतीक्षित दूसरे सीजन की आज घोषणा की है। जाकिर खान द्वारा रचित, शशांत शाह द्वारा निर्देशित और ओनली मच लाउडर (ओएमएल) इंटरटेनमेंट द्वारा निर्मित यह शो 26 मार्च, 2021 से स्ट्रीमिंग के लिए उपलब्ध हो जाएगा।
इस हल्के-फुल्के मनोरंजक शो के दूसरे सीजन में सनी हिंदूजा, जाकिर हुसैन, कुमार वरुण, व्योम शर्मा, अभिमन्यु सिंह , वीनस सिंह, ओनिमा कश्यप और अल्का अमीन भी नजर आएंगी।

'चाचा विधायक हैं हमारे' एक मौज-मस्ती वाली कॉमेडी सीरीज है, जो रॉनी पाठक (जाकिर हुसैन का किरदार) पर आधारित है। रॉनी दोहरी जिंदगी जीने वाला शख्स है। दुनिया की नजरों में वह स्थानीय विधायक का भतीजा है, और खुद को एक युवा नेता समझता है। लेकिन हकीकत में वह 26 साल का एक बेरोजगार नौजवान है।
शो के पहले सीजन ने रॉनी भैया के कारनामों के चलते दर्शकों का दिल जीत लिया था, क्योंकि इस बहुत बड़े झूठ की वजह से वह अलग-अलग तरह के हालात में उलझ जाता है। पहले सीजन की समाप्ति रॉनी की पोल खुल जाने के साथ हुई थी और उसका विधायक जी के साथ आमना-सामना हो गया था। नया सीजन रोमांचक होने का वादा करता है, जो पहले से ज्यादा झूठ, पहले से बड़ी चुनौतियों और पहले से अधिक हंसी मजाक से लैस होगा।
अमेज़न प्राइम वीडियो के निदेशक विजय सुब्रमण्यम का कहना है- "अमेज़न प्राइम वीडियो में हमारा यही प्रयास रहता है कि हम अपने ग्राहकों को सर्वश्रेष्ठ कॉमेडी उपलब्ध कराएं और उनके लिए हंसी की सटीक और सही खुराक पेश करें। जाकिर बड़े ही नेचुरल कॉमेडियन हैं और दर्शकों को उनका अलग किस्म के ब्रांड वाला ह्यूमर बेहद पसंद आता है। दुनिया भर के दर्शकों ने शो के पहले सीजन पर अपना असीम प्यार बरसाया था। हम जाकिर तथा 'चाचा विधायक हैं हमारे' की पूरी कास्ट के साथ सीजन 2 शुरू करने को लेकर बेहद उत्साहित हैं।"
इस सीरीज के रचयिता और मुख्य अभिनेता जाकिर खान ने बताया, "चाचा विधायक हैं हमारे की कहानी मेरे दिल के बहुत करीब है। दूसरा सीजन बनाने के लिए हमने वाकई कड़ी मेहनत की है। इस बार हम रॉनी के कारनामों, ढेर सारी मौज-मस्ती और हंसी के फव्वारे लेकर लौटे हैं। मुझे हक से सिंगल, कॉमिकस्तान और विशेष रूप से चाचा विधायक हैं हमारे जैसे शो के लिए अमेज़न प्राइम वीडियो के साथ सहभागिता करके बड़ा मजा आया। मेरे विचारों और सुझावों पर भरोसा जताने तथा मुझे अपना कंटेंट दिखाने का मंच प्रदान करने के लिए मैं उनका शुक्रगुजार हूं।"


Click it and Unblock the Notifications
