'खतरों के खिलाड़ी' फिर होस्ट करेंगे अक्षय
बॉलीवुड अभिनेता एक बार फिर रोमांचक रिएलिटी शो 'खतरों के खिलाड़ी 4' के प्रस्तोता होंगे। अक्षय ने खबर की पुष्टि करते हुए कहाकि उन्हें इस शो में लौटने की खुशी है। वह शो के पहले दो संस्करणों के भी प्रस्तोता थे जबकि तीसरे संस्करण की मेजबानी अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा ने की थी।
अब इसके प्रसारक कलर्स चैनल ने एक बार फिर अक्षय से सम्पर्क किया है। अक्षय ने एक वक्तव्य जारी कर कहा है, "रियलिटी शो 'खतरों के खिलाड़ी' में वापस लौटना बहुत अच्छा लग रहा है। कुछ रोमांचक करना मुझे बहुत पसंद है। इस बार लड़के वाकई कुछ खतरनाक स्टंट करते दिखेंगे। लड़कों के प्रति मेरा रवैया बहुत सख्त रहने वाला है और यह देखने लायक होगा।"
शो की शूटिंग दक्षिण अफ्रीका में होगी। इसमें 13 पुरुष हस्तियां होंगी और उनकी 13 महिला साथी होंगी। इस बार विजेता को न केवल 'खिलाड़ी' की उपाधि मिलेगी बल्कि वह 'थम्सअप थंडर स्टार' भी चुना जाएगा और उसे थम्सअप के नए विज्ञापन में अक्षय संग काम करने का मौका मिलेगा। मई के मध्य में शो का प्रसारण शुरू हो जाएगा।


Click it and Unblock the Notifications











