एक्टिंग छोड़ इस एक्टर ने की खेती, ऐसा कंगाल हुआ कि करोड़ों का कर्ज चढ़ा, बच्चों को भी... करनी पड़ी वापसी
Rajesh Kumar Left Acting: टीवी और फिल्म इंडस्ट्री में अपनी बेहतरीन कॉमिक टाइमिंग के लिए पहचाने जाने वाले राजेश कुमार एक शानदार एक्टर हैं, उन्होंने पिछले साल 'सैयारा' से दोबारा दर्शकों के दिलों में छाए। लेकिन उन्होंने कुछ साल पहले एक्टिंग को अलविदा कहकर खेती की राह पकड़ी थी लेकिन यह फैसला उन पर बहुत भारी पड़ गया था।

एक इंटरव्यू में राजेश कुमार ने अपनी जिंदगी के सबसे मुश्किल दौर का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि एक वक्त ऐसा भी आया जब उनकी कमाई पूरी तरह रुक गई थी, जबकि खर्चे लगातार बढ़ रहे थे। हालात इतने खराब हो गए कि उनकी सारी बचत खत्म हो गई और वे करीब दो करोड़ रुपये के कर्ज में फंस गए। एक्टर ने कहा कि उस समय रोजमर्रा की जिंदगी चलाना भी उनके लिए बड़ी चुनौती बन गया था।
एक्टिंग छोड़ खेती करने का लिया फैसला
साल 2019 में राजेश कुमार ने एक्टिंग से ब्रेक लेकर खेती करने का रास्ता चुना। उनका मकसद यह साबित करना था कि खेती कोई मजबूरी नहीं, बल्कि एक सम्मानजनक पेशा है। वे इस सोच को बदलना चाहते थे कि किसान वही बनता है, जिसके पास दूसरे करियर ऑप्शन नहीं होते। हालांकि, उनकी यह कोशिश उम्मीद के मुताबिक सफल नहीं हो सकी।
मौसम और कोरोना ने बढ़ाई परेशानी
खेती की शुरुआत के बाद खराब मौसम ने उनकी फसलों को नुकसान पहुंचाया। इसके बाद कोरोना महामारी और लॉकडाउन ने उनकी स्थिति और भी खराब कर दी। राजेश ने बताया कि लॉकडाउन तक उनकी सारी जमा पूंजी खत्म हो चुकी थी और वे पूरी तरह आर्थिक संकट में फंस चुके थे। इस दौर में उन पर ना सिर्फ पैसों का दबाव था, बल्कि मानसिक तनाव भी लगातार बढ़ रहा था।
बच्चों के लिए चॉकलेट तक नहीं खरीद पाए
अपने संघर्ष को याद करते हुए राजेश कुमार ने एक भावुक किस्सा साझा किया। उन्होंने बताया कि फिल्म 'बिन्नी एंड फैमिली' की शूटिंग के लिए उन्हें 24 दिनों के लिए यूके जाना पड़ा। उस समय उनके बैंक अकाउंट में केवल 2,500 रुपये थे। हालात इतने खराब थे कि दो बार यूके जाने के बावजूद वे अपने बच्चों के लिए दो चॉकलेट तक नहीं ला सके। हालांकि, इस मुश्किल वक्त में उनका परिवार हमेशा उनके साथ खड़ा रहा।
'सैयारा' से बदली किस्मत
कई सालों के स्ट्रगल के बाद अब राजेश कुमार ने इंडस्ट्री में मजबूती से वापसी की है। उनकी फिल्म 'सैयारा' दर्शकों को खूब पसंद आई और बॉक्स ऑफिस पर ब्लॉकबस्टर साबित हुई। मोहित सूरी के डायरेक्शन में बनी इस फिल्म से अहान पांडे और अनीत पड्डा ने भी अपना बॉलीवुड डेब्यू किया है। राजेश कुमार की यह कहानी बताती है कि हालात चाहे कितने भी मुश्किल क्यों न हों, अगर हिम्मत और धैर्य बना रहे तो सफलता एक दिन जरूर मिलती है।


Click it and Unblock the Notifications











