टेलीविजन पर अर्जुन पुंज की वापसी, पत्नी के साथ आएंगे नजर
टेलीविजन के मशहूर अभिनेता अर्जुन पुंज धारावाहिक 'दिया और बाती हम' से वापसी कर रहे हैं। दिलचस्प बात यह है कि अर्जुन इस सीरियल में अपनी पत्नी गुरदीप कोहली के साथ नजर आएंगे। जी हां, जल्द ही यह पति-पत्नी का जोड़ा इस सीरियल में दर्शकों को दिखाई देगा। अर्जुन ने कहा कि गुरदीप के साथ काम करना खुशी की बात है और मैं इस शुरूआत से बहुत उत्साहित हूं।

आपको बता दें, 'दिया और बाती हम' में गुरदीप को एक संदिग्ध आतंकवादी के रूप में शामिल करने के बाद अब अर्जुन को भी शामिल किया गया है। अर्जुन और गुरदीप इससे पहले धारावाहिक 'संजीवनी', 'अर्जुन' और रिएलिटी शो 'नच बलिए' में साथ नजर आ चुके हैं। वहीं, यह सीरियल अभी नंबर 1 की रेस में सबसे आगे है। लिहाजा, इससे अर्जुन के रूके हुए करियर को ब्रेक तो जरूर मिलेगा। 'दिया और बाती हम' में अर्जुन आतंकवाद निरोधक दस्ते के पुलिस अधिकारी के रूप में दिखाई देंगे।
अर्जुन अपनी भूमिका के बारे में बताते हुए कहते हैं कि, "मैं अर्जुन चौधरी का किरदार निभा रहा हूं। वह भारत सरकार की तरफ से आतंकवादी अपहरणकर्ताओं की सदस्य माया (गुरदीप) से बातचीत करता है।"
अर्जुन से यह पूछने पर कि पत्नी के साथ काम करने का अनुभव कैसा है, उन्होंने कहा, "हमने इससे पहले भी 'संजीवनी' और 'अर्जुन' में काम किया है। मैंने नकारात्मक भूमिका की थी और वह सकारात्मक भूमिका में थी। अब हमारे किरदार बदल गए हैं। गुरदीप के साथ काम करने का अनुभव मेरे लिए हमेशा अच्छा रहा है।"


Click it and Unblock the Notifications











