कुमकुम भाग्य में सबसे बड़ा ट्विस्ट- फिर हुई अभि-प्रज्ञा की शादी, देखिए तस्वीरें
'कुमकुम भाग्य में अपनी रोमांचक कहानी और अभि (शबीर अहलुवालिया), प्रज्ञा (सृति झा), रिया (पूजा बनर्जी), आलिया (रेहना पंडित), तनु (लीना जुमानी), रणबीर (कृष्णा कौल) और प्राची (मुग्धा चापेकर) जैसे अपने-से लगने वाले किरदारों के विश्वसनीय चित्रण के चलते दर्शकों का पसंदीदा बना हुआ है। हाल ही में इस शो में दो साल का लीप आया। दर्शकों ने देखा कि कैसे सभी का भाग्य बदल गया है और किस तरह अभि अब पहला जैसा जोशीला और उत्साही रॉकस्टार नहीं रहा।
जबकि प्रज्ञा आस्ट्रेलिया की एक मल्टीनेशनल कंपनी में एक प्रभावशाली हस्ती बन गई है। हालांकि वो अभि से बदला लेने के लिए भारत लौट आई है, लेकिन वो एक दूसरी उलझन में फंस जाती है, जहां गौरव उसके खिलाफ झूठे आरोप लगाता है। इस पर अभि का ध्यान भी जाता है।अभि ने देखा कि कैसे गौरव ने प्रज्ञा के ड्रिंक में कुछ मिलाकर उसके करीब जाने की कोशिश की लेकिन किस्मत से अभि ने उसे समय पर बचा लिया। अब गौरव ने कुछ पैसों की लालच में और अपनी बात मनवाने के लिए प्रज्ञा पर झूठे इल्जाम लगाए हैं।

हालांकि प्रज्ञा का वकील बताता है कि इस स्थिति में केवल अभि ही उसे बचा सकता है! अपनी बेगुनाही साबित करने के लिए अब प्रज्ञा को एक बार फिर अभि के करीब जाना होगा और अपने बचाव के लिए उससे गवाही दिलवाना होगा। लेकिन क्या वो मानेगा? दूसरी ओर, तनु कुछ पैसों के बदले अभि को प्रज्ञा को बेचने की कोशिश कर रही है, ताकि वो एक बार फिर ऐशो आराम की जिंदगी जी सके। तनु प्रज्ञा को एक कॉन्ट्रैक्ट मैरिज का प्रस्ताव देती है, जिसमें एक बार फिर अभि और प्रज्ञा की शादी होगी।
आने वाले एपिसोड्स में दर्शक देखेंगे कि कैसे प्रज्ञा इस दुविधा में है कि वो खुद को बचाने के लिए यह प्रस्ताव स्वीकार करे या इसे जाने दे, क्योंकि वो अभि से इस तरह दोबारा शादी नहीं करना चाहती। हालांकि सभी को चौंकाते हुए अभि इस कॉन्ट्रैक्ट मैरिज के लिए तैयार हो जाएगा और वो प्रज्ञा की मांग में सिंदूर भरता नजर आएगा। उनकी दोबारा शादी जरूर होगी, लेकिन इस बार यह एक समझौते के तहत होगी। यह भी खुलासा होगा कि कैसे तनु और आलिया ने अभि को यह यकीन दिला दिया है।
प्रज्ञा बस उसे खरीदना चाहती है। इस बात से अभि इतना नाराज होता है कि वो प्रज्ञा से बदला लेने के लिए उससे शादी करने को तैयार हो जाता है। क्या ऐसी अनोखी परिस्थितियों में शादी के बाद अभि और प्रज्ञा का भाग्य बदलेगा? ये तो देखने वाली बात होगी।प्रज्ञा का रोल निभा रहीं सृति झा कहती हैं, ''यह ट्विस्ट सभी को चौंका देगा, क्योंकि अभि और प्रज्ञा का मिलन बड़े अनपेक्षित माहौल में होता है। उन दोनों का भाग्य बदलने वाला है और मुझे इस लीप को लेकर दर्शकों की प्रतिक्रिया का इंतजार है।''जहां अभि और प्रज्ञा एक बार फिर शादी के बंधन में बंधे हैं, वहीं दोनों के मकसद अलग-अलग हैं! क्या अभि प्रज्ञा से अपना बदला लेगा? क्या प्रज्ञा उसे सच बोलने के लिए मना पाएगी और खुद को इल्जामों से बचा पाएगी? ये तो सिर्फ वक्त बताएगा!


Click it and Unblock the Notifications













